ED की बड़ी कार्रवाई, दिल्ली और गोवा में छापेमारी के बाद AAP नेता दीपक सिंगला गिरफ्तार
ED ने दीपक सिंगला को 155 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार किया है। ईडी की टीमों ने आज दिल्ली और गोवा में एक साथ 7 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की थी।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आम आदमी पार्टी (AAP) नेता दीपक सिंगला को गिरफ्तार किया है। सुबह से ही दिल्ली और गोवा में PMLA के मामले में छापेमारी चल रही थी। मनी लॉंड्रिंग और बैंक फ्रॉड केस में ईडी की छापेमारी चल रही थी।
ईडी ने दीपक सिंगला को 155 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि ये पूरी कार्रवाई महेश टिम्बर प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े 155 करोड़ रुपये के बैंक फ्रॉड मामले में की गई है। इस वित्तीय घोटाले के तार AAP के पहले से ही गिरफ्तार पंजाब के नेता संजीव अरोड़ा से भी जुड़े बताए जा रहे हैं। इसी कड़ी को जोड़ने और अहम सबूत जुटाने के लिए ईडी ने एक बड़ा ‘पैन इंडिया ऑपरेशन’ चलाया था, जिसके बाद दीपक सिंगला को हिरासत में ले लिया गया।
दिल्ली-गोवा में 7 ठिकानों पर छापेमारी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह तड़के ही ईडी की टीमों ने दिल्ली और गोवा में एक साथ 7 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई दीपक सिंगला, महेश सिंगला, अमरिक गिल और इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों के परिसरों पर की गई। घंटों चली इस छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी को वित्तीय हेरफेर और मनी लॉन्ड्रिंग के पुख्ता सबूत मिले, जिसके आधार पर दीपक सिंगला को गिरफ्तार कर लिया गया।
क्या है 155 करोड़ रुपये का बैंक फ्रॉड मामला?
यह पूरा मामला ‘महेश टिंबर प्राइवेट लिमिटेड’ और उससे जुड़े प्रमोटर्स के खिलाफ दर्ज बैंक ऋण धोखाधड़ी से संबंधित है। ईडी के मुताबिक, संबंधित कंपनियों और आरोपियों ने मिलीभगत करके बैंकों से लोन के रूप में बड़ी राशि ली और फिर धोखाधड़ी कर 155 करोड़ रुपये हड़प लिए। इस फ्रॉड में दीपक सिंगला का नाम सीधे तौर पर सामने आया है। इसके अलावा महेश सिंगला और अमरिक गिल भी इस मामले में जांच के दायरे में हैं।
