बेंगलुरु में इसरो कैंपस के ऊपर ड्रोन मंडराने के बाद मचा हड़कंप, एफआईआर दर्ज
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में उस समय हड़कंप मच गया, जब इसरो के आईएसआईटीई परिसर के ऊपर कथित तौर पर एक ड्रोन उड़ता हुआ देखा गया। यह इलाका “ड्रोन निषेध क्षेत्र” घोषित है, जहां किसी भी तरह की अनधिकृत उड़ान सख्त प्रतिबंधित होती है।
बेंगलुरु: कर्नाटक के बेंगलुरु में इसरो के आईएसआईटीई परिसर के ऊपर कथित तौर पर एक ड्रोन को उड़ता हुआ देखे जाने के बाद हड़कंप मच गया। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि इसरो का यह परिसर एक “ड्रोन निषेध क्षेत्र” है। पुलिस ने बताया कि यह घटना दो मई को सुबह करीब आठ बजकर 16 मिनट पर घटी।
सीआईएसएफ के सब इंस्पेक्टर ने की शिकायत
केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक सब इंस्पेक्टर की शिकायत के बाद जांच शुरू की गई, जिन्होंने आईएसआईटीई (सैटेलाइट इंटीग्रेशन एंड टेस्ट एस्टैब्लिशमेंट) परिसर के ऊपर लगभग 80 से 100 फुट की ऊंचाई पर 10 से 12 सेकंड तक एक अज्ञात ड्रोन को उड़ते हुए देखा था।
सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा
एफआईआर के अनुसार, इसरो आईएसआईटीई परिसर एक अत्यंत संवेदनशील और प्रतिबंधित क्षेत्र है, जिसे “ड्रोन निषेध क्षेत्र” घोषित किया गया है। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अनधिकृत हवाई गतिविधि सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा करती है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि “ड्रोन निषेध क्षेत्र” होने की जानकारी के बावजूद, कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध रूप से ड्रोन उड़ाया।
पुलिस ने बताया कि अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एचएएल पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 329(3) (आपराधिक अतिक्रमण) और विमान अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रतिबंधित क्षेत्र में बिना अनुमति के ड्रोन उड़ाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
