16 October, 2026 (Friday)

अष्टमी-नवमी को लेकर न हों कंफ्यूज, नोट करें सप्तमी से दशहरा तक की सही तारीख व शुभ मुहूर्त

नवरात्रि की सप्तमी, अष्टमी, नवमी और दशमी की डेट को लेकर काफी ज्यादा कन्फ्यूजन चल रहा है। अगर आप भी इन त्योहारों की डेट को लेकर दुविधा में हैं तो यहां आपको इस बारे में एकदम सही जानकारी मिलेगी।
नवरात्रि का पावन पर्व पूरे नौ दिनों तक मनाया जाता है। यूं तो नवरात्रि का हर दिन खास होता है, लेकिन सप्तमी, अष्टमी, नवमी और विजयादशमी तिथियों का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इन दिनों मां दुर्गा के विशेष पूजन के साथ-साथ कन्या पूजन, हवन और व्रत का पारण भी किया जाता है। लेकिन इस बार अष्टमी और नवमी को लेकर श्रद्धालुओं के बीच काफी असमंजस बना हुआ है। अगर आप भी महासप्तमी से लेकर दशहरा तक की सही तारीखों को लेकर कन्फ्यूजन में हैं, तो चलिए जानते हैं पंचांग और ज्योतिष के अनुसार इन सभी प्रमुख तिथियों की सही डेट और शुभ मुहूर्त।
नवरात्रि की सप्तमी कब है 2026
द्रिक पंचांग के अनुसार, इस वर्ष नवरात्रि की सप्तमी तिथि 17 और 18 अक्टूबर दोनों दिन व्याप्त रहेगी। ऐसे यदि आप 18 अक्टूबर को अष्टमी का पूजन कर रहे हैं, तो आपको 17 अक्टूबर को सप्तमी का व्रत रखना चाहिए। वहीं, जो श्रद्धालु 19 अक्टूबर को अष्टमी का पर्व मनाएंगे, वे 18 अक्टूबर को सप्तमी का व्रत रहेंगे।

नवरात्रि की अष्टमी कब है 2026
द्रिक पंचांग के अनुसार, इस वर्ष नवरात्रि की अष्टमी तिथि भी 18 और 19 अक्टूबर दोनों दिन रहेगी। जहां पंचांगों में 19 अक्टूबर को अष्टमी मनाना उचित माना जा रहा है, वहीं कुछ ज्योतिषीय गणनाओं और विद्वानों के अनुसार 18 अक्टूबर को महा अष्टमी मनाना ज्यादा श्रेष्ठ है। इस बारे में पंडित सुजीत जी महाराज बताते हैं कि आश्विन शुक्ल पक्ष की अष्टमी को ‘मोहरात्रि’ कहा जाता है। यह तिथि ‘निशीतव्यापिनी’ होती है, यानी इस दिन महानिशा पूजा का विशेष महत्व होता है। यही कारण है कि अष्टमी की मुख्य पूजा, व्रत और रात्रि के बड़े तांत्रिक अनुष्ठान 18 अक्टूबर (रविवार) को ही किए जाने चाहिए। पंचांग अनुसार अष्टमी तिथि 18 अक्टूबर की सुबह 08:27 से 19 अक्टूबर की सुबह 10:51 बजे तक रहेगी।

नवरात्रि की नवमी कब है 2026
नवरात्रि की नवमी 19 अक्टूबर 2026, सोमवार को मनाई जाएगी। पंचांग अनुसार नवमी तिथि 19 अक्टूबर की सुबह 10:51 से शुरू होकर 20 अक्टूबर की दोपहर 12:50 बजे तक रहेगी।

नवरात्रि की दशमी कब है 2026
नवरात्रि की दशमी 20 अक्टूबर को है। कई श्रद्धालु अपने नवरात्रि व्रत का पारण दशमी के दिन ही करते हैं। इस दिन पारण का शुभ मुहूर्त दोपहर 12:50 के बाद का है। पंचांग अनुसार दशमी तिथि 20 अक्टूबर की दोपहर 12:50 से 21 अक्टूबर की दोपहर 02:11 बजे तक रहेगी।

दशहरा कब है 2026
दशहरा का पावन पर्व 20 अक्टूबर 2026, मंगलवार को मनाया जाएगा। इस दिन विजय मुहूर्त दोपहर 01:59 से 02:45 बजे तक रहेगा। वहीं अपराह्न पूजा का समय दोपहर 01:14 से 03:30 बजे तक रहेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *