जिला पंचायत सदस्य के वार्ड संख्या 3 से बसपा के उम्मीदवार बने आलम अंसारी,कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
कुशीनगर। बसपा कार्यकर्ताओं की बैठक विशुनपुरा ब्लाक के लीलाधर छपरा व पिपरा बुजुर्ग स्थित बसपा कार्यालय में हुई। इसमें बसपा सुप्रीमो मायावती के निर्देश पर मुख्य सेक्टर प्रभारी गोरखपुर सुधीर भारती ने विशुनपुरा वार्ड 3 से आलम अंसारी को जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने बैठक कर फूल मालाओं से आलम का जोरदार स्वागत किया।
बैठक को सम्बोधित करते हुए मुख्य सेक्टर प्रभारी गोरखपुर सुधीर भारती ने कहा कि पार्टी ने चुनाव की तैयारी का आगाज कर दिया है। सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता कोशिश करें कि बूथ पर चुनाव जीतें, तभी हम चुनाव में सफल हो सकेंगे। जिला संयोजक अब्दुल लतीफ अंसारी ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल से जनता ऊब चुकी है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है और हर कोई अपने को असुरक्षित महसूस कर रहा है। कहा कि जनता के बीच जाकर कार्यकर्ता बसपा कार्यकाल के दौरान कानून व्यवस्था और उपलब्धियों के बारे में बताएं। बैठक में जिलाध्यक्ष रमेश कुमार, सेक्टर प्रभारी असगर अली,सुरेश कुमार,लियाकत अंसारी, ललन भारती,आशोक कुमार, संजय चंद्रा
आदि मौजूद रहे।
