चंद्रपुर में डीजल टैंकर पलटा, सड़क पर बहता रहा हजारों लीटर ईंधन, आधी रात को बाल्टी लेकर पहुंचे लोग;
महाराष्ट्र में चंद्रपुर-बल्लारपुर बायपास मार्ग पर एक डीजल से भरा टैंकर पलट गया। टैंकर से बड़ी मात्रा में डीजल सड़क पर बहने लगा। लोग जान जोखिम में डालकर डीजल जमा करने के लिए टैंकर के पास पहुंच गए।
महाराष्ट्र में चंद्रपुर-बल्लारपुर बायपास मार्ग पर एक डीजल से भरा टैंकर पलट गया। टैंकर से बड़ी मात्रा में डीजल सड़क पर बहने लगा। लोग जान जोखिम में डालकर डीजल जमा करने के लिए टैंकर के पास पहुंच गए।
जमा हुई भीड़ से मंडराया बड़े हादसे का खतरा
टैंकर पलटने की खबर फैलते ही मौके पर नागरिकों की भीड़ जमा हो गई। बहते डीजल को जमा करने के लिए लोग टैंकर के आसपास पहुंचने लगे। इस दौरान सड़क पर फैला ज्वलनशील डीजल और उसके बीच लोगों की भीड़ किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही थी। इसी दौरान चंद्रपुर शहर पुलिस और रामनगर पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
पुलिस ने सबसे पहले भीड़ को नियंत्रित करते हुए घटनास्थल को सुरक्षित किया और यातायात को व्यवस्थित किया सुरक्षा के मद्देनजर एंबुलेंस तथा फायर ब्रिगेड को भी मौके पर बुलाया गया। समय रहते पुलिस की सक्रियता से संभावित आगजनी अथवा बड़ी दुर्घटना का खतरा टल गया।
पुलिस ने संभाली स्थिति
इस कार्रवाई के दौरान रामनगर पुलिस स्टेशन की पुलिस निरीक्षक प्रभावती एकुरके और चंद्रपुर शहर पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक श्याम गव्हाणे अपने पुलिस स्टाफ के साथ मौके घटनास्थल पर डटे रहे। टैंकर पलटने के कारण चंद्रपुर-बल्लारपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया।
सड़क पर बहता डीजल, पलटा हुआ टैंकर और उसके आसपास जमा भीड़ कुछ देर के लिए कामगार चौक पर भयावह स्थिति निर्माण हो गई थी। पुलिस की तत्परता से हालात नियंत्रण में आए और एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई। वहीं, आपको बता दें कि कुछ साल पहले महाराष्ट्र के चंद्रपुर में ही डीजल से भरे टैंकर और ट्रक के बीच भीषण टक्कर के बाद आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई थी।
