12 June, 2026 (Friday)

दिल्ली: ब्रिटानिया चौक अब कहलाएगा मिन्ना चौक, CM रेखा बोलीं- ‘ईमानदार पत्रकार को सच्ची श्रद्धांजलि’, अश्विनी चोपड़ा के परिवार से मिले रजत शर्मा

इंडिया टीवी के एडिटर इन चीफ रजत शर्मा ने कहा कि अश्विनी चोपड़ा के परिवार ने देश के लिए कुर्बानी दी। देश में शायद ही ऐसा कोई उदाहरण हो। दिल्ली सीएम ने कहा कि यह एक निर्भीक पत्राकर को सच्ची श्रद्धांजलि है।
दिल्ली के ब्रिटानिया चौक का नाम बदलकर वरिष्ठ पत्रकार अश्विनी चोपड़ा के नाम पर अश्विनी चोपड़ा (मिन्ना) चौक कर दिया गया है। गुरुवार को दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शिलापत्तिका का अनावरण करके ये नामकरण किया। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा यह एक निर्भीक और ईमानदार पत्रकार को सरकार की तरफ से सच्ची श्रद्धांजलि है।

दिल्ली सीएम ने एक्स पोस्ट में लिखा,”माननीय उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू जी की उपस्थिति में आज शकरपुर स्थित ब्रिटानिया चौक के अश्विनी चोपड़ा ‘मिन्ना’ चौक नामकरण समारोह में सम्मिलित हुई। वरिष्ठ पत्रकार, समाजसेवी और करनाल से पूर्व सांसद स्वर्गीय अश्विनी चोपड़ा जी का जीवन जनसेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहा। दिल्ली की यह श्रद्धांजलि उनके योगदान को सदैव स्मरण करती रहेगी।”
देश से असीम प्यार करते थे अश्विनी- रजत शर्मा
इस मौके पर इंडिया टीवी के एडिटर इन चीफ रजत शर्मा ने अश्विनी चोपड़ा के परिवार से मुलाकात की। रजत जी ने कहा, “अश्विनी चोपड़ा मेरे बहुत अच्छे मित्र थे। दुर्भाग्य है कि आज वो हमारे बीच नहीं रहे। लेकिन मैं उनके साथ दुनिया के कई देशों की यात्रा कर चुका हूं। वो पंजाब केसरी के एडिटर थे और मैं एक मैगजीन का एडिटर था। देश के प्रति उनका असीम प्यार था। वो निर्भीक और अच्छे वक्ता थे। उनका पूरा परिवार ही निर्भीकता का उदाहरण है। उनके परिवार ने देश के लिए कुर्बानी दी। देश में ऐसा शायद की कोई उदाहरण है।”

मिन्ना बहुत बड़े दिल का था- एलजी तरनजीत सिंह
दिल्ली के एलजी सरदार तरनजीत सिंह संधू ने कहा, “अश्विनी चोपड़ा (मिन्ना) मेरे भाई जैसा था। पिछली चार पीढ़ियों से हमारा पारिवारिक रिश्ता है। मिन्ना बहुत बड़े दिल का था। दिल्ली और हरियाणा के प्रति उसका प्यार जग जाहिर था।” अश्विनी चोपड़ा जी की पत्नी किरण चोपड़ा ने दिल्ली के एलजी और सीएम रेखा गुप्ता का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, “आज गर्व का दिन है। सरकार ने एक निर्भीक पत्रकार का सम्मान किया है। अश्विनी जी का देश के प्रति जो प्रेम था, आज उसी को सम्मान मिला है। इससे देश में और भी निर्भीक पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों को प्रेरणा मिलेगी।”

कौन थे अश्विनी कुमार चोपड़ा
अश्विनी कुमार चोपड़ा एक वरिष्ठ पत्रकार और पूर्व सांसद थे। उन्हें मिन्ना नाम से भी जाना जाता था। उनका जन्म 11 जून 1956 को पंजाब के जालंधर में हुआ था। उन्होंने गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर से ग्रेजुएशन और पंजाब यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले से भी पत्रकारिता का कोर्स किया। वह रणजी ट्रॉफी स्तर के क्रिकेटर भी रहे। वह हिंद समाचार समूह से जुड़े थे और दैनिक पंजाब केसरी (दिल्ली संस्करण) के मुख्य संपादक और रेसिडेंट एडिटर रहे। वे बेबाक और साहसी पत्रकार के रूप में मशहूर थे। 2014 में हरियाणा के करनाल लोकसभा सीट से उन्हें बीजेपी के टिकट पर सांसद चुना गया। 18 जनवरी 2020 को 63 वर्ष की उम्र में गुरुग्राम के अस्पताल में फेफड़ों के कैंसर की लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हो गया। वे पंजाब केसरी समूह के प्रमुख चेहरे थे और दिल्ली की पत्रकारिता जगत में अपनी दमदार लेखनी के लिए जाने जाते थे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *