8.2 रेटिंग वाली क्राइम-थ्रिलर ‘काट्टालन’, ओटीटी रिलीज को तैयार 120 मिनट की फिल्म, कब और कहां होगी स्ट्रीम?
2026 की टॉप रेटेड फिल्मों में से एक ‘काट्टालन’ सिनेमाघरों में बवाल काटने के बाद अब ओटीटी रिलीज के लिए तैयार है। एक्शन और रोमांच से भरी तीन महीने पहले रिलीज हुई इस फिल्म में एंटनी वर्गीज लीड रोल में हैं।
सिनेमाघरों में अक्सर कुछ ऐसी फिल्में रिलीज होती हैं, जिनकी चर्चा तो कम होती है, लेकिन दर्शकों और क्रिटिक्स के बीच ये खूब पसंद की जाती हैं। ऐसी ही एक फिल्म अब ओटीटी रिलीज के लिए तैयार है। यहां बात हो रही है एंटनी वर्गीज स्टारर ‘काट्टालन’ की, जो राम चरण और जाह्नवी कपूर स्टारर ‘पेद्दी’ और बॉबी देओल फेम ‘बंदर’ के रिलीज होने के एक हफ्ते पहले ही सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। 28 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी, लेकिन जिन भी दर्शकों ने ये फिल्म देखी उन्होंने इसकी जमकर तारीफ की। अब दर्शकों द्वारा प्रशंसित ये फिल्म ओटीटी पर दस्तक को तैयार है। तो चलिए जानते हैं कि आप ये क्राइम थ्रिलर कब और किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर देख सकते हैं।
ओटीटी रिलीज के लिए तैयार ‘काट्टालन’
सिनेमाघरों के बाद अब ‘काट्टालन’ ओटीटी रिलीज के लिए तैयार है। काट्टालन मूल रूप से मलयालम फिल्म है, लेकिन हिंदी, तमिल, तेलुगु और कन्नड़ डब के साथ भी इसे रिलीज किया गया है और अब ये ओटीटी पर रिलीज हो रही है। आईएमडीबी पर इस फिल्म को 8.2 रेटिंग मिली है। अब जब मेकर्स ने इसकी ओटीटी रिलीज का ऐलान कर दिया है तो दर्शकों में जबरदस्त बज देखने को मिल रहा है। मेकर्स ने रिवील किया है कि फिल्म मनोरमा मैक्स पर स्ट्रीम होगी, लेकिन फिलहाल इसकी स्ट्रीमिंग डिटेल का खुलासा नहीं किया गया है।
क्या है ‘काट्टालन’ की कहानी?
बात करें ‘काट्टालन’ की कहानी की तो फिल्म की कहानी हाथी दांत की तस्करी के इर्द-गिर्द घूमती है। गांव में हाथियों का आतंक है, जिससे राहत के लिए लोग मारी से मदद मांगने जाते हैं। लेकिन, मदद के बदले मारी पूरे गांव पर अपना कब्जा जमा लेता है और फिर खुलेआम हाथी दांत की तस्करी करता है, जिसके लिए वह हाथियों को मारना शुरू कर देता है। तस्करी के गैर-कानूनी कारोबार में वह गांववालों को भी निशाना बनाने लगता है। इसी बीच कहानी में एंट्री होती है पेपे (एंटनी वर्गीज) की, जो स्थानीय ग्रामीणों और जंगलों के इकोसिस्टम के शोषण के खिलाफ खड़ा होता है और मारी के खिलाफ जंग छेड़ देता है।
फिल्म के बारे में
इसकी कहानी पॉल जॉर्ज ने लिखी है और इसके निर्देशन की जिम्मेदारी भी पॉल जॉर्ज ने ही संभाली थी। फिल्म में एंटनी वर्गीज लीड रोल में हैं। उन्होंने फिल्म में पेपे नाम के युवक की भूमिका निभाई है। फिल्म में उनके साथ सुनील, दुशारा विजयन, पार्थ तिवारी, सिद्दीकी, जगदीश, कबीर दुहान सिंह और हनान शाह जैसे कलाकार अहम भूमिका में हैं। 28 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने सिर्फ 15 करोड़ का कलेक्शन किया था और फ्लॉप साबित हुई। इसके बाद भी इसे आईएमडीबी पर जबरदस्त रेटिंग मिली है।
