देहरादून के सहस्त्रधारा में बादल फटने से हड़कंप, सैलाब ने शहर में मचाई तबाही
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सहस्त्रधारा क्षेत्र के कारलीगाढ़ में देर रात बादल फटने की घटना सामने आई। इस आपदा के कारण क्षेत्र में तेज बहाव से कई दुकानें बह गईं, वहीं दो लोगों के लापता होने की सूचना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात की और प्रदेश में भारी बारिश से उत्पन्न हालात की जानकारी ली। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी प्रकार की जानमाल की बड़ी क्षति की पुष्टि नहीं हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि भारी बारिश के कारण दुकानों को काफी नुकसान पहुंचा। जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिसकर्मी बहाव कार्यों में जुटे हैं।
रात में ही शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना के बाद एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें त्वरित रूप से मौके पर पहुंचीं और रात में ही स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया। राहत व बचाव कार्य के लिए जेसीबी समेत भारी उपकरण मौके पर लगाए गए हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। लापता दोनों व्यक्तियों की खोजबीन युद्धस्तर पर की जा रही है।
