22 October, 2026 (Thursday)

चिनफिंग और बाइडन की मीटिंग से पहले चीनी राजनयिक की चेतावनी, ताइवान कार्ड का इस्तेमाल ना करे अमेरिका

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और उनके चीनी समकक्ष शी चिनफिंग सोमवार को वर्चुअली मीटिंग करने जा रहे हैं। दोनों देशों के बीच उभर रहे तनाव के बीच यह बैठक होने जा रही है। इस दौरान ताइवान, सैन्य नियंत्रण, व्यापार और मानवाधिकार जैसे कई मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इस बीच चीनी राजनियक ने ताइवान को लेकर अमेरिका को चेतावनी दी है।

चीनी मीडिया टैबलायड ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक, एक वरिष्ठ चीनी राजनयिक ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा है कि वह चीन को घेरने के लिए ताइवान कार्ड इस्तेमाल न करे। टैबलायड ग्लोबल टाइम्स ने बताया कि चीनी विशेषज्ञों का अनुमान है कि बैठक में ताइवान का सवाल चिंता का प्रमुख विषय होगा।

फूडन विश्वविद्यालय में इंस्टीट्यूट आफ इंटरनेशनल स्टडीज के डीन वू शिनबो ने रविवार को ग्लोबल टाइम्स से बात करते हुए कहा, ‘यह कहना मुश्किल है कि क्या चीन और अमेरिका इस सवाल पर किसी सहमति पर पहुंचेंगे, लेकिन अमेरिका को एक-चीन सिद्धांत के अनुसार और चीन की चिंताओं के जवाब में कुछ ठोस वादे करने होंगे। वरना यह शीर्ष नेताओं के बीच होने जा रही इस बैठक के परिणाम के साथ-साथ भविष्य में चीन-अमेरिकी संबंधों को भी प्रभावित करेगा।

इससे पहले 12 नवंबर को अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने चीनी विदेश मंत्री वांग यी के साथ मुलाकात कर दो आर्थिक महाशक्तियों के प्रमुखों के बीच होने जा रही बैठक की तैयारियों को लेकर बात की थी। इस दौरान ब्लिंकन ने वांग यी के सामने ताइवान के प्रति चीन के दृष्टिकोण को लेकर चिंता भी व्यक्त की थी। बयान के मुताबिक, ब्लिंकन ने बीजिंग से ताइवान के मुद्दे को शांति से हल करने के लिए बातचीत में शामिल होने का आग्रह किया था।

राष्ट्रपति जो बाइडन ने उत्तर पश्चिम चीन में बसे अल्पसंख्यकों के मानवाधिकार हनन, समुद्री मुद्दों, ताइवान, हांगकांग के मामलों को लेकर बीजिंग की निंदा की है। बता दें कि पिछले कुछ सालों में अमेरिका और चीन के बीच तनाव काफी बढ़ा है। व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन और वरिष्ठ चीनी विदेश नीति के सलाहकार यांग जिची ने पिछले महीने ही ज्यूरिख में हुई मुलाकात के दौरान बाइडन और शी के बीच इस साल के अंत तक वर्चुअल समिट कराने की बात की थी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed