11 September, 2026 (Friday)

नागपुर के बैंक में दिनदहाड़े लूट, कर्मचारियों के ऊपर फेंका मिर्च पाउडर; CCTV फुटेज आया सामने

नागपुर के एक बैंक में दिनदहाड़े लूट की घटना सामने आई है। आरोपी ने बैंक कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर फेंका। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने उसे बाद में कैश के साथ पकड़ लिया।
नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बैंक में दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम दिया गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। एक वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी कपड़े से मुंह बांधकर बैंक में घुसता है और कर्मचारियों के ऊपर मिर्च पाउडर फेंकने लगता है। इस दौरान कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। घटना के थोड़ी देर बाद कर्मचारियों ने उसे दौड़ा लिया। बाद में पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने थोड़ी ही देर बाद आरोपी को कैश के साथ पकड़ लिया।
आरोपी ने बैंक से लूटे कैश
दरअसल, पूरी घटना गुरुवार शाम को नागपुर के सक्करदरा पुलिस स्टेशन इलाके की बताई जा रही है। यहां मौजूद SBI बैंक की एक ब्रांच में कैश लूट की घटना हुई। जानकारी के मुताबिक सूरज बोरकर नाम के एक आरोपी ने बैंक का समय खत्म होने के बाद बैंक कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर फेंका। आरोपी ने उनके हाथों से 4 लाख 53 हजार रुपये का बैग लूट लिया। आरोपी बैंक की ब्रांच में घुसा और वहां कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया, जिससे वहां हंगामा हो गया।

कर्मचारियों के ऊपर फेंका मिर्च पाउडर
कर्मचारियों के चिल्लाने के बाद, पुलिस की मदद से बैंक से कुछ ही दूरी पर सूरज बोरकर को पकड़ लिया गया। पुलिस ने कुछ ही मिनटों में 4 लाख 53 हजार रुपये कैश के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिससे बैंक का नुकसान टल गया। शुरुआती जानकारी से पता चला है कि आरोपी सूरज बोरकर ने पहले ही रेकी कर ली होगी कि कर्मचारी ATM में कब पैसे जमा करेंगे और वह बैंक के पास ही घात लगाए बैठा था।

सीसीटीवी फुटेज भी आया सामने
वहीं अब घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी मुंह पर कपड़ा बांध कर बैंक परिसर में घुसता है। इसके बाद उसने थैले से मिर्च पाउडर निकाल कर कर्मचारियों की आंखों में डालने लगता है। इस घटना के बाद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। पहले तो बैंक के कर्मचारी अफरा-तफरी में उससे बचने की कोशिश करते हैं। हालांकि बाद में कर्मचारियों ने उसे दौड़ा लिया, लेकिन वह बैंक से फरार हो जाता है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed