कानपुर में बेखौफ बदमाश, ASI की सास को सड़क पर पटका, गले से सोने की चेन लूटकर हुए फरार
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के लालबंगला में सोमवार रात त्योहार की खरीदारी कर घर लौट रही 62 वर्षीय महिला को बदमाश ने निशाना बना लिया। घर से महज 100 मीटर पहले पीछे से आए युवक ने उनका मुंह दबाकर गले से सोने की चेन और लॉकेट लूटकर फरार हो गया।
कानपुर में सोमवार रात त्योहार की खरीदारी कर घर लौट रही 62 साल की महिला को बदमाश ने निशाना बना लिया। घर से महज 100 मीटर पहले पीछे से आए युवक ने उनका मुंह दबाकर सड़क पर पटक दिया। इसके बाद गले से सोने की चेन और लॉकेट लूटकर फरार हो गया। अचानक हुए हमले में महिला को चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घर से चंद कदम पहले किया हमला
आशा मिश्रा अपने पति हरिशंकर मिश्रा के साथ लालबंगला के परदेवनपुरवा इलाके में रहती हैं। उनका बेटा अंकित मिश्रा बिरला ग्रुप में शिक्षक है, जबकि बहू अंजलि मिश्रा अमेठी में पुलिस विभाग में एएसआई के पद पर तैनात हैं। आशा मिश्रा के मुताबिक, सोमवार रात करीब आठ बजे वह त्योहार की खरीदारी करने लालबंगला गई थीं। खरीदारी के बाद वह पैदल घर लौट रही थीं। अभी वह घर से करीब 100 मीटर दूर ही थीं कि पीछे से आए एक युवक ने अचानक उनका गला पकड़ लिया। उन्होंने विरोध करते हुए शोर मचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उनका मुंह दबा दिया और उन्हें सड़क पर पटक दिया।
इसके बाद बदमाश उनके गले से करीब सात ग्राम की सोने की चेन और लॉकेट छीनकर गुरुद्वारे की तरफ पैदल भाग निकला। अचानक हुए हमले से महिला घायल हो गईं और सड़क पर दर्द से कराहने लगीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें घर पहुंचाया।
CCV फुटेज से बदमाशों की तलाश
पीड़िता ने बताया कि लालबंगला से घर लौटते समय बाइक पर सवार दो युवक उनका पीछा कर रहे थे। हालांकि, लूट की वारदात को एक ही युवक ने अंजाम दिया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बाइक सवार युवकों का घटना से कोई संबंध था या नहीं।वारदात की सूचना मिलते ही एसीपी चकेरी आशुतोष कुमार सिंह और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस फुटेज के जरिए आरोपी की पहचान करने के साथ ही घटना में अन्य संदिग्धों की भूमिका का भी पता लगाने में जुटी है।
एसीपी चकेरी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि घटना का खुलासा करने के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
