23 July, 2026 (Thursday)

नाइजीरिया में बैक-टू-बैक कई धमाके, दर्जनों लोगों की मौत; 200 से अधिक घायल

अफ्रीकी देश नाइजीरिया में एक के बाद एक कई धमाके हुए। इन धमाकों में 10 से अधिक लोगों की मौत हो गई है, जबकि 200 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
मैदुगुरी: नाइजीरिया के बोर्नो राज्य में सोमवार रात को कई जगहों पर जोरदार धमाके की आवाज सुनी गई। कम से कम तीन जगहों पर हुए धमाकों में कई लोगों की मौत हो गई है, जबकि 200 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। इमरजेंसी सेवाओं का कहना है इस हमले में सुसाइड बॉम्बर के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। बोर्नो राज्य की राजधानी मैदुगुरी में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं, जहां नाइजीरिया का आतंकवादी संगठन बोको हराम सक्रिय है।
किसी ने नहीं ली जिम्मेदारी
राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी के संचालन प्रमुख सिराजो अब्दुल्लाही के अनुसार ये विस्फोट ‘मैदुगुरी विश्वविद्यालय शिक्षण अस्पताल’ के प्रवेश द्वार और दो स्थानीय बाजारों ‘पोस्ट ऑफिस’ एवं ‘मंडे मार्केट’ में हुए। अब्दुल्लाही ने कहा, ”कुछ लोग घायल हुए हैं और अस्पताल में उनका इलाज हो रहा है। हताहतों की संख्या के बारे में पूरी जानकारी मिलने तक हम सही आंकड़ा नहीं बता सकते।” अब तक किसी ने बम धमाकों की जिम्मेदारी नहीं ली है।

200 से अधिक घायलों को पहुंचाया अस्पताल
विस्फोट के चश्मदीद बगोनी अल्कली ने बताया कि उन्होंने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। अल्कली ने कहा, ”अब तक 200 से अधिक लोग घायल हुए हैं और अस्पतालों में उनका उपचार किया जा रहा है।” उन्होंने कहा, ” बम विस्फोट के बाद घटनास्थल पर ही कई लोगों की जान चली गई। यह बेहद दुखद है।” एक स्वयंसेवी समूह के सदस्य मोहम्मद हसन ने कहा कि उन्होंने ‘पोस्ट ऑफिस’ और ‘मंडे मार्केट’ से 10 शवों को निकाला।

गर्वनर ने की विस्फोटों की निंदा
बोर्नो के गवर्नर बाबागाना उमारा जुलुम ने विस्फोटों की कड़ी निंदा की है। नाइजीरिया की सेना ने इससे पहले एक बयान में कहा था कि उसने सोमवार तड़के मैदुगुरी के बाहरी इलाके में संदिग्ध इस्लामी आतंकवादियों द्वारा किए गए हमलों को नाकाम कर दिया था। बता दें कि नाइजीरिया कई वर्षों से विभिन्न हथियारबंद समूहों के कारण उत्पन्न जटिल सुरक्षा संकट से जूझ रहा है, खासकर देश के उत्तरी भाग में।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed