02 March, 2026 (Monday)

आयुष्मान इलाज ठप, निजी अस्पतालों का एक दिन का विरोध

रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को बड़ी स्थिति सामने आई, जब निजी अस्पतालों ने आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज बंद कर दिया। निजी अस्पताल एसोसिएशन ने 1500 करोड़ रुपये से अधिक के लंबित भुगतान का हवाला देते हुए एक दिन के लिए योजना से इलाज न करने का निर्णय लिया। योजना के तहत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे मरीजों को शनिवार को आने के लिए कहा गया है। निजी अस्पतालों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में और कड़ा कदम उठाया जाएगा। सरकार और निजी अस्पतालों के बीच जारी इस खींचतान से गरीब और जरूरतमंद मरीजों की मुश्किलें बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भुगतान में देरी को स्वीकार करते हुए कहा कि अधिकांश बकाया पिछली सरकार का था, जिसे पूरी तरह चुका दिया गया है। उन्होंने कहा कि मार्च के बाद के सभी भुगतान भी कर दिए गए हैं और शेष राशि एक सप्ताह के भीतर जारी कर दी जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री ने निजी अस्पताल संचालकों से अपील की कि वे आयुष्मान कार्ड से इलाज बंद न करें, ताकि आम मरीजों को परेशानी न हो। धान खरीदी की तारीख बढ़ाने की मांग को लेकर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन पर मंत्री जायसवाल ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कांग्रेस के आंदोलन को “घड़ियाली आंसू” करार देते हुए कहा कि कांग्रेस के पास न तो कोई ठोस मुद्दा है और न ही तथ्य। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार एक-एक दाना धान खरीद रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकार के मुकाबले अधिक धान की खरीदी हो रही है और किसानों को एकमुश्त भुगतान किया जा रहा है, जबकि कांग्रेस सरकार में भुगतान चार किस्तों में होता था। दिल्ली में हुई कांग्रेस की बैठक पर टिप्पणी करते हुए मंत्री जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस रणनीति तो बनाती है, लेकिन अमल में मामला हाथ से फिसल जाता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पार्टी भले एकजुट दिखे, लेकिन छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेताओं के बीच घमासान मचा हुआ है। छत्तीसगढ़ दौरे पर आए कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार द्वारा भाजपा को सत्य और अहिंसा का पाठ पढ़ाने पर मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि कन्हैया कुमार अपने नाम के अनुरूप काम करें और बिना जानकारी के बयानबाजी से बचें। केंद्रीय बजट को लेकर मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि यह बजट सिर्फ किसी एक वर्ग के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण है और यह देश के हित में अच्छा साबित होगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *