10 March, 2026 (Tuesday)

फिलीपींस और यू.ए.ई. से जुड़े हथियार सप्लाई मॉड्यूल का कपूरथला में पर्दाफाश, 2 व्यक्ति हथियार सहित गिरफ्तार

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चल रही मुहिम के दौरान खुफिया जानकारी पर कार्रवाई करते हुए कपूरथला पुलिस ने एक हथियार सप्लाई मॉड्यूल के दो व्यक्तियों को, जिनमें से एक नाबालिग है, पांच देसी 7.65 एम.एम. पिस्तौलों सहित गिरफ्तार करके इस मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार किए गए मुलजिमों की पहचान
गिरफ्तार किए गए मुलजिमों की पहचान जालंधर के गांव मेहराजवाला के रहने वाले अजय कुमार और 17 वर्षीय नाबालिग के रूप में हुई है। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति फिलीपींस और यू.ए.ई. में रहने वाले विदेशी हैंडलर्स के निर्देशों पर काम कर रहे थे।
मध्य प्रदेश से हथियार सप्लाई करने वाले गिरफ्तार
डीजीपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए मुलजिम मध्य प्रदेश से अवैध हथियार खरीदकर अपराधी गिरोहों को सप्लाई कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बरामद किए गए हथियारों का इस्तेमाल क्षेत्र में गोलीबारी और जबरन वसूली की गतिविधियों को अंजाम देने के लिए किया जाना था।
आरोपियों के कब्जे से हथियार बरामद
ऑपरेशन से संबंधित विवरण साझा करते हुए सीनियर पुलिस सुपरिंटेंडेंट (एसएसपी) कपूरथला गौरव तूरा ने कहा कि विश्वसनीय सूत्रों से मिली पुख्ता जानकारी पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने अजय कुमार को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से एक पिस्तौल बरामद की। उन्होंने कहा कि आगे की तफ्तीश के बाद उसके 17 वर्षीय साथी को भी गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से चार अन्य पिस्तौल बरामद किए गए।
अज्ञात व्यक्ति से खरीदे थे हथियार
एस.एस.पी. ने कहा कि जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए मुलजिमों ने मध्य प्रदेश के किसी अज्ञात व्यक्ति से 87,000 रुपये में हथियार खरीदे थे। उन्होंने आगे कहा कि इस मामले में आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने के लिए और जांच की जा रही है ताकि नेटवर्क को पूरी तरह बेनकाब किया जा सके।
इस संबंध में पुलिस स्टेशन सदर कपूरथला में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर नंबर 25 दिनांक 2/2/2026 के अधीन केस दर्ज किया गया था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed