लखनऊ में हथियारों से लैस बदमाशों ने डिलीवरी कंपनी में की डकैती, बंधक बनाकर लाखों रुपये ले गए बदमाश
राजधानी के सोमवार देर रात हथियारों से लैस बदमाशों ने एक निजी कंपनी में धावा बोल दिया। बदमाश लाखों की नकदी और कीमती सामान लूट ले गए। रविंद्र पल्ली इंदिरानगर निवासी आलोक प्रताप सिंह के मुताबिक, एक्सप्रेस बीस नाम की कंपनी में वह काम करते हैं।
मामला इंदिरानगर थानाक्षेत्र का है। सोमवार देर रात में हथियारों से लैस कुछ बदमाश अचानक पहुंचे और धावा बोल दिया। बदमाशों ने आलोक और उनके दो साथियों को बंधक बना लिया। इसके बाद गल्ले में रखी नकदी और अन्य सामान लूट ले गए। विरोध पर सबकी पिटाई की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि वह लोग होम डिलीवरी का काम करते हैं। बदमाशों ने सभी को असलहे की नोक पर बंधक बना लिया था। आरोप है कि बदमाश लाखों रुपये लूट कर ले गए हैं। सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध कैद हुए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश कर रही है।
