10 October, 2026 (Saturday)

मरीज को ले जा रही एंबुलेंस में जोरदार धमाके के साथ लगी आग, 40 फीट दूर जा गिरी एंबुलेंस की छत

मयूरभंज में मरीज को ले जा रही एक एंबुलेंस में आग लगने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक तेज धमाके के साथ एंबुलेंस में आग लग गई। आग लगने से मरीज की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए हैं।
ओडिशा के मयूरभंज जिले में उदला उपमंडलीय अस्पताल के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ। भुवनेश्वर के अस्पताल में इलाज के लिए ले जाते समय एक मरीज की एंबुलेंस में आग लगने के बाद जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में मरीज की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान कुंडाबाई इलाके के रहने वाले सुयश कुमार बारिक के रूप में हुई है। वह ब्लड इन्फेक्शन जैसी गंभीर समस्या से जूझ रहे थे और उन्हें बेहतर इलाज के लिए भुवनेश्वर ले जाया जा रहा था।
40 फीट दूर जा गिरी एंबुलेंस की छत
जानकारी के अनुसार, मरीज को ले जाने के लिए एक निजी ऑपरेटर की एंबुलेंस किराये पर ली गई थी। रास्ते में उदला उपमंडलीय अस्पताल के पास मरीज को ऑक्सीजन देने के लिए एंबुलेंस चालक ने ऑक्सीजन सिलेंडर का वाल्व खोला। इसी दौरान एंबुलेंस में आग लग गई और जोरदार धमाका हुआ। बताया जा रहा है कि धमाका इतना तेज था कि एंबुलेंस की छत उछलकर करीब 40 फीट दूर जा गिरी। कुछ ही देर में आग ने पूरी एंबुलेंस को अपनी चपेट में ले लिया। एंबुलेंस में आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मरीज के परिजनों ने किसी तरह उसे जलती हुई एंबुलेंस से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक वह बुरी तरह झुलस चुका था। हादसे के कुछ ही मिनटों के भीतर उसकी मौत हो गई।

दो लोग गंभीर रूप से घायल
इस घटना में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। धमाके के कारण अस्पताल परिसर और आसपास मौजूद मरीजों, उनके परिजनों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई। यह एंबुलेंस एक निजी ऑपरेटर की थी। घटना के संबंध में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि ऑक्सीजन सिलेंडर का वाल्व खोलने के दौरान आग कैसे लगी और धमाका किन परिस्थितियों में हुआ। इस दर्दनाक हादसे में एक मरीज की जान चली गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed