आगरा शिक्षक MLC चुनाव में बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाकर रोने वाले आकाश अग्रवाल की जीत, वीडियो हुआ था वायरल
आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सपा उम्मीदवार आकाश अग्रवाल विजयी हुए। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार हरि किशोर तिवारी को हराया। अग्रवाल ने 2020 में निर्दलीय के रूप में यही सीट जीती थी।
आगरा: समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार आकाश अग्रवाल ने शिक्षकों की MLC सीट जीत ली है। जानकारी के अनुसार, सपा उम्मीदवार आकाश अग्रवाल ने भाजपा प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी को हराकर जीत हासिल की। उन्होंने 2020 में भी इसी सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज की थी। उनकी इस ताज़ा जीत का मतलब है कि उन्होंने इस निर्वाचन क्षेत्र पर अपना कब्जा बरकरार रखा है और इस बार वे सपा उम्मीदवार के रूप में जीते हैं
आकाश अग्रवाल ने मतदान के दौरान बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया था। जीत के बाद उन्होंने कहा कि हमारे शिक्षक साथियों को परेशान किया गया। बूथ कैप्चरिंग भी हुई। यह बहुत दुखद है। शिक्षकों का MLC चुनाव अब बदल गया है। मुझे लगता है कि शिक्षक अब कभी इसमें चुनाव नहीं लड़ेंगे। उत्तर प्रदेश सरकार की छवि यह थी कि वह आतंकवाद और भ्रष्टाचार के खिलाफ है, लेकिन जब मैंने देखा कि मेरे साथियों को डराया-धमकाया जा रहा है और बूथ कैप्चरिंग हो रही है, तो वह छवि टूट गई। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष समाज के सभी वर्गों की भलाई के लिए काम करते हैं।
पीडीए में अब अग्रवाल भीः अखिलेश
आकाश अग्रवाल की जीत के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट कर उन्हें बधाई दी। अखिलेश यादव ने एक्स हैंडल पर कहा कि ‘PDA’ में ‘A’ का मतलब अब तो ‘अग्रवाल-अग्रवंशी’ भी है। डॉ. आकाश अग्रवाल के साथ बीजेपी और उनके संगी-साथियों ने जिस प्रकार आंखों में आंसू लाने व कपड़े फाड़ने का दुर्व्यवहार किया है, उससे समस्त अग्रहरि समाज ‘पीड़ित, दुखी, अपमानित’ होकर बेहद आहत है। आज अग्रहरि समाज अपने को ठगा व पीड़ित-उत्पीड़ित महसूस कर रहा है, और ‘जो पीड़ित, वो पीडीए!’ ही हमारा नारा है।
आज जब समस्त अग्रवाल समाज हमारे साथ आ गया है तो हमें लग रहा है कि हमारी ताक़त कई गुना बढ़ गई है। शैक्षिक व व्यावसायिक रूप से सशक्त इतने महत्वपूर्ण समाज के साथ आने से, हमारा जनाधार और मनोबल और भी बढ़ गया है। अब पीडीए की लड़ाई सच में 5% भाजपाई बनाम 95% पीडीए की हो गई है।
बता दें कि यूपी MLC चुनावों में बीजेपी चार सीटों पर चुनाव जीत चुकी है जबकि दो सीटों पर आगे है। इनमें मेरठ की दोनों सीटें, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट और लखनऊ शिक्षक सीट शामिल हैं। वहीं मुख्य विपक्षी पार्टी सपा दो सीटों पर चुनाव जीत चुकी है, जबकि तीन सीटों पर वह आगे है। समाजवादी पार्टी ने वाराणसी और आगरा शिक्षक सीटों पर जीत हासिल की।
भाजपा की जीत और आगे
1-मेरठ शिक्षक- जीत
2-मेरठ स्नातक-जीत
3-बरेली-स्नातक-जीत
4-लखनऊ-शिक्षक-जीत
5-आगरा-स्नातक-आगे
6-गोरखपुर-शिक्षक-आगे
सपा की जीत और आगे
1-वाराणसी- शिक्षक -जीत
2-वाराणसी-स्नातक-आगे
3-झांसी-स्नातक,-आगे
4-आगरा-शिक्षक-जीत
5-लखनऊ-स्नातक -आगे
