06 June, 2026 (Saturday)

मंदिर के पास बेची गई ‘Made In Pakistan’ लिखी चादर, महिला ने VIDEO में बताई पूरी बात; जांच में जुटी पुलिस

सोशल मीडिया पर ‘मेड इन पाकिस्तान’ लिखी चादर बेचे जाने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। यह मामला चिंचवाड़ पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो महाराष्ट्र के चिंचवाड़ इलाके का बताया जा रहा है। वीडियो में एक महिला बता रही है कि उसने एक चादर खरीदी थी, जो ‘मेड इन पाकिस्तान’ है। महिला का दावा है कि उसने यह चादर एक मंदिर के पास से खरीदी थी। वीडियो में वह बताती है कि उसने बाद में देखा तो चादर में एक टैग लगा हुआ था, जिस पर ‘मेड इन पाकिस्तान’ लिखा हुआ था। वहीं महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम भी जांच में जुट गई है।

मंदिर के पास लगता है मेला
दरअसल, चिंचवाड़ पुलिस स्टेशन के अंतर्गत मोरया गोसावी नाम का एक प्रसिद्ध और बड़ा मंदिर है। संकष्टी चतुर्थी के दिन इस मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, जिसके कारण मंदिर परिसर के आस-पास कई अस्थायी दुकानें और ठेले लगाए जाते हैं। इसी दौरान संकष्टी चतुर्थी के दिन एक महिला ने यहां लगे एक ठेले से चादर खरीदी थी। जब महिला घर पहुंची, तो उसने देखा कि चादर पर ‘मेड इन पाकिस्तान’ का टैग लगा हुआ था। महिला ने इसका एक वीडियो बनाया और उसे इंस्टाग्राम व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।

संकष्ठी चतुर्थी पर खरीदी थी चादर
वीडियो में महिला कहती है, “नमस्ते दोस्तों, अभी वीडियो बनाने का कारण यह है कि कल संकष्टी चतुर्थी थी, और संकष्टी चतुर्थी को चिंचवाड़ में ‘मोरया गोसावी मंदिर’ पर भक्त दर्शन के लिए जाते हैं। मैं भी गई थी, और हर महीने जब भी संकष्टी चतुर्थी होती है, वहां एक छोटा सा मेला लगता है। उस मेले में लोग अपना छोटा-मोटा सामान बेचते हैं। वहां से मैंने दो-तीन चीजें खरीदीं, और यह चादर भी मैंने वहीं से खरीदी। अब इस चादर को दिखाने के पीछे का कारण यह है कि आज मैंने यह चादर धोई, और धोकर सुखाने के लिए डालते समय मुझे इसका स्टीकर दिखा। इस स्टीकर पर ‘मेड इन पाकिस्तान’ लिखा हुआ है।”

महिला ने वीडियो बनाकर किया पोस्ट
महिला ने आगे कहा, “हम कहां रह रहे हैं? हम बॉर्डर पर भी नहीं रहते और हमारे पास मेड इन पाकिस्तान की चीज है! मुझे बहुत गुस्सा आ रहा है। मेरे जैसे कितने ही लोगों ने वहां से चादरें खरीदी हैं। यानी उनके घर में भी यह चीज गई। हम किसे रोजगार उपलब्ध करा कर दे रहे हैं? जब मैंने इसे गूगल पर सर्च किया, तो पाकिस्तानी सामान भारत में बैन हैं। इसे भारत नहीं लाया जा सकता। सामान खरीदते समय आंखें खोलिए। मैं अपने इस अनुभव को आपको भी बता रही हूं।”

जांच में जुटी पुलिस
वहीं वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस भी हरकत में आ गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी रंजीत जाधव ने बताया, “वीडियो के वायरल होते ही हमने तुरंत इस पर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले की जांच के लिए एक टीम का गठन किया गया है। हमारे वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में इस पूरे मामले की कड़ाई से जांच की जा रही है।” इसके अलावा पुलिस इस संबंध में महानगरपालिका (PCMC) को भी एक पत्र भेज रही है, ताकि मंदिर के आसपास अवैध या संदिग्ध सामान बेचने वाले ऐसे विक्रेताओं के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जा सके। पुलिस फिलहाल उस विक्रेता की तलाश कर रही है, जिसने महिला को यह चादर बेची थी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed