05 June, 2026 (Friday)

थाने के अंदर शुरू हो गई चाकूबाजी, पुलिस के सामने दो पक्षों ने एक-दूसरे पर किया हमला; 13 गिरफ्तार

भुवनेश्वर में एक थाने के अंदर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में चाकूबाजी होने लगी। घटना के बाद पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार किया है।
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के चंदका थाना परिसर के अंदर हुई एक हिंसक घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो आग की तरह वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि पुलिस की मौजूदगी में ही एक आरोपी ने दूसरे व्यक्ति पर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान थाना परिसर खून से लथपथ हो गया और घायल लोग पुलिस के सामने ही एक दूसरे से भिड़ते नजर आए।

संपत्ति विवाद को लेकर गए थाने
जानकारी के अनुसार, यह घटना चंदका थाना के अंदर हुई थी। एक ही परिवार के कुछ सदस्य आपसी विवाद को लेकर थाने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे स्थित पांथिका होटल के मालिक की दो पत्नियों और उनके बच्चों के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए सभी थाने आए थे, लेकिन बातचीत के दौरान मामला अचानक बिगड़ गया। थाने के अंदर ही दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट और हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान एक आरोपी ने पुलिस के सामने ही दूसरे व्यक्ति पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

थाने में ही चाकू से कर दिया हमला
वीडियो में देखा जा सकता है कि घटना इतनी अचानक और उग्र थी कि कुछ समय के लिए स्थिति पुलिस के नियंत्रण से बाहर हो गई। थाना भवन के अंदर खून के छींटे फैल गए और वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए। इस खूनी संघर्ष में दो महिलाएं और एक पुरुष बुरी तरह घायल हुए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है और थाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम को लेकर आगे की कार्रवाई जारी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *