05 June, 2026 (Friday)

रात 2 बजे आया छोटे भाई का फोन, पार्किंग विवाद सुलझाने पहुंचा तो गोली मारी, दिल्ली के प्रीत विहार की घटना

पुलिस इस मामले में कई एंगल से जांच कर रही है। असली विवाद छोटे भाई का था, लेकिन गोली बड़े भाई को मारी गई है। आरोपी के पास रिवॉल्वर भी नहीं थी। ऐसे में घटना वाले दिन उसके पास बंदूक कैसे पहुंची। यह भी बड़ा सवाल है।
दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में पार्किंग को लेकर झगड़े में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। घटना रविवार देर रात 2 बजे के करीब हुई। मृतक पंकज को उसके भाई ने फोन कर बुलाया था। जब पंकज मौके पर पहुंचा तो विवाद और बढ़ गया। इसके बाद आरोपी ने पंकज को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए हैं और गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। आरोपी गौरव शर्मा फरार है।
क्या है मामला?
पंकज का भाई पारस प्रीत विहार के एक मकान में रहता है। जहां पर एक मंजिल पर गौरव शर्मा भी रहता है। पिछले कुछ दिनों से पार्किंग को लेकर गौरव और पंकज के भाई पारस का झगड़ा हो रहा था। जब कल रात मामला ज्यादा बढ़ा तो पारस ने अपने भाई पंकज को नोएडा से प्रीत विहार बुला लिया। इसके बाद भी शांत होने की जगह झगड़ा इतना बढ़ा कि गौरव ने पंकज को गोली मार दी। जिससे पंकज की मौत हो गई। पुलिस गौरव की तलाश कर रही है।

आरोपी गौरव के पास नहीं था हथियार
गौरव की पत्नी ने पुलिस को बयान दिया है कि गौरव के पास कोई हथियार नहीं है। तो सवाल ये भी है कि क्या गौरव वारदात को अंजाम देने के इरादे से ही रिवॉल्वर लाया था। पुलिस ने घटना स्थल से सबूत जुटाए हैं और जांच की जा रही है। इसके साथ ही आरोपी गौरव की तलाश की जा रही है। गौरव के पकड़े जाने के बाद पूछताछ में ही यह साफ होगा कि उसके पास रिवॉल्वर कहां से आई और क्या उसने पहले से हत्या का प्लान बना रखा था?

फॉरच्यूनर खड़ी करने को लेकर विवाद
दिल्ली पुलिस के मुताबिक आरोपी गौरव शर्मा के पास एक बीएमडब्ल्यू और एक फॉरच्यूनर है, जो यहां किराए पर रहता था। हालांकि, आरोपी के पास सिर्फ एक गाड़ी की पार्किंग है। उसकी बीएमडब्ल्यू पार्किंग में खड़ी हुई थी, जबकि फॉरच्यूनर खड़ी करने को लेकर देर रात झगड़ा हुआ। इसके बाद उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *