26 October, 2026 (Monday)

ये कैसे संभव है? हादसे में पिता की मौत, शरीर से बंधे डेढ़ साल के मासूम को खरोंच तक नहीं

एमपी के पन्ना जिले में सड़क किनारे झाड़ियों में 21 वर्षीय युवक का शव और उसकी क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। इस दुर्घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि मृतक पिता के शरीर से उसका डेढ़ साल का मासूम बच्चा बंधा हुआ था। गनीमत रही कि बच्चा सुरक्षित है।
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में पन्ना-कटनी मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शाहनगर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ियों में 21 वर्षीय युवक का शव मिला। युवक के शरीर से उसका डेढ़ साल का मासूम बच्चा बंधा हुआ था। हैरानी की बात यह है कि इस हादसे में बच्चा पूरी तरह सुरक्षित मिला, जबकि उसके पिता की मौत हो चुकी थी। घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।

झाड़ियों में शव और क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल मिली
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान सरफराज पारधी के रूप में हुई है, जो कुपना घाट, नगवाखेड़ा का निवासी था। 24 अक्टूबर को पन्ना-कटनी मुख्य मार्ग के किनारे झाड़ियों में उसका शव और क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल मिली। सूचना मिलने पर शाहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पिता के शव से बंधा था डेढ़ साल का मासूम
इस घटना का सबसे भावुक कर देने वाला पहलू डेढ़ साल के मासूम का सुरक्षित बचना है। मृतक के शरीर से बंधे मिले मासूम बच्चे को लेकर हर कोई हैरान है। गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में मासूम को खरोंच तक नहीं आई और वह पूरी तरह सुरक्षित है। शुरुआती तौर पर बाइक के अनियंत्रित होकर झाड़ियों में घुसने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

3 दिन से लापता था मृतक
परिजनों के मुताबिक, सरफराज के तीन छोटे बच्चे हैं जिनमें 2 लड़कियां और एक लड़का शामिल हैं। हादसे के समय उसकी पत्नी बड़की बाई अपनी बच्ची का इलाज कराने कटनी गई हुई थी। परिजनों ने बताया कि सरफराज तीन दिन से लापता था जिसके बाद 22 अक्टूबर को ही सरफराज की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। फिलहाल पुलिस दुर्घटना समेत अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

उधर, धार जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक युवक कार से बाहर गिर गया। पांचों युवक सांवरिया सेठ के दर्शन कर घर लौट रहे थे तभी हादसा हो गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed