गोलियों की तड़तड़ाहट से सहमी साउथ दिल्ली, 1 लाख के इनामी बदमाश का एनकाउंटर, बाल-बाल बचे पुलिसकर्मी
दिल्ली पुलिस ने साउथ दिल्ली के मैदानगढ़ी इलाके में एक लाख के इनामी बदमाश का एनकाउंटर किया है। गोली बदमाश के पैर में लगी है।
नई दिल्ली: आज तड़के साउथ दिल्ली का इलाका गोलियों की तड़तड़ाहट से सहम उठा। दिल्ली पुलिस ने एक लाख के इनामी बदमाश का एनकाउंटर किया है। एनकाउंटर के दौरान बदमाश घायल हो गया है। बदमाश के पैर में गोली लगी है। इस बदमाश पर पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं।
यह एनकाउंटर मैदानगढ़ी थाना क्षेत्र में हुआ। एनकाउंटर के दौरान पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। पैर में गोली लगने से घायल इस बदमाश को पुलिस डकैती की केस में तलाश रही थी। एनकाउंटर के दौरान बदमाश की ओर से की गई फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। बदमाश का नाम स्वान उर्फ सवान मुच्छर मामा है।
एनकाउंटर में घायल बदमाश मुच्छर मामा के पास से एक पिस्टल और एक बाइक पुलिस ने बरामद की है। दिल्ली पुलिस अब बरामद हथियार, बाइक और आरोपी की आपराधिक गतिविधियों की जांच कर रही है। पुलिस और आरोपी के बीच एनकाउंटर के दौरान दोनों तरफ से 8 राउंड फायरिंग की बात भी सामने आ रही है।
एनकाउंटर में 26 राउंड फायरिंग
बता दें कि इससे पहले अक्तूबर के पहले सप्ताह में भी दिल्ली में पुलिस और बदमाशों के बीच एनकाउंटर हुआ था। इस एनकाउंटर में 26 राउंड फायरिंग हुई थी। फायरिंग में दो बदमाश मोहम्मद कैफ और मोहम्मद जसीम घायल हो गए। दोनों के बाएं पैर में गोली लगी थी। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
दरअसल, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली थी कि मोहम्मद कैफ और मोहम्मद जसीम अपने घर उस्मानपुर आने वाले हैं। दोनों बदमाश जंगल के रास्ते से उस्मानपुर पहुंचने वाले थे। सूचना के आधार पर स्पेशल स्टाफ की टीम ने दोनों को पकड़ने के लिए इलाके में ट्रैप लगाया। जैसे ही दोनों बदमाश मौके पर पहुंचे, उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। इस दौरान मोहम्मद कैफ और मोहम्मद जसीम के बाएं पैर में गोली लगी और दोनों घायल हो गए।
मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी। हालांकि, दोनों पुलिसकर्मी सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में दोनों तरफ से कुल करीब 26 राउंड फायरिंग हुई।
