यूपी के राज्यसभा चुनाव में BJP को OP राजभर की पार्टी से खतरा? क्रॉस वोटिंग कर सकते हैं सुभासपा के विधायक
यूपी में 10 सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव में बीजेपी को ओमप्रकाश राजभर की पार्टी से ही झटका लग सकता है। ओमप्रकाश राजभर ने गुरुवार को सीएम योगी से मुलाकात की। उन्होंने सीएम योगी से कहा है कि उनकी पार्टी के दो विधायक उनके कंट्रोल में नहीं हैं और वह क्रास वोटिंग कर सकते हैं।
लखनऊ में कल ओमप्रकाश राजभर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। हालांकि ओमप्रकाश राजभर ने मुख्यमंत्री से कहा है कि उनकी पार्टी के दो विधायक उनके कंट्रोल में नहीं हैं। वह राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग कर सकते हैं। ऐसे में बीजेपी के लिए राज्यसभा चुनाव में उनके गठबंधन की पार्टी सुभासपा से ही खतरा बन गया है।
विधायकों पर नहीं है कंट्रोल
दरअसल, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के अध्यक्ष और योगी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा है कि उनकी पार्टी के दो विधायक अखिलेश यादव के साथ हैं, उन पर कोई कंट्रोल नहीं है। ओमप्रकाश राजभर ने ये बात सीएम योगी को बता दी है। ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि उनके विधायकों को पैसा देने की कोशिश हो रही है। पहले तीन विधायक सपा के साथ थे, अब एक विधायक से बात हो गई है।
10 सीटों पर होना है चुनाव
बता दें कि यूपी की 10 राज्यसभा सीटों पर 16 अक्टूबर को चुनाव होना है। विधानसभा में विधायकों की संख्या के हिसाब से बीजेपी 7 और समाजवादी पार्टी 2 सीट आराम से जीत सकती है। अखिलेश यादव कह रहे हैं कि वो राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए नम्बर जुटा रहे हैं। जैसे ही नम्बर हो जाएंगे वो तीसरा उम्मीदवार उतार देंगे।
अब्बास ने अखिलेश से की मुलाकात
इसी क्रम में ओमप्रकाश राजभर की पार्टी के विधायक अब्बास अंसारी ने भी अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। अब्बास अंसारी माफिया मुख़्तार अंसारी का बेटा है और ओम प्रकाश राजभर की पार्टी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से मऊ सदर सीट से विधायक है। अब्बास अंसारी की अखिलेश यादव से मुलाकात लखनऊ के जनेश्वर मिश्रा ट्रस्ट में हुई थी।
सुभासपा की पार्टी से कुल 6 विधायक
ओमप्रकाश राजभर की पार्टी की बात करें तो यूपी में 2022 के विधानसभा चुनाव में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के 6 विधायक जीते थे। ओमप्रकाश राजभर तब अखिलेश यादव के साथ थे, लेकिन अब योगी सरकार में मंत्री हैं। माना जा रहा है कि राजभर के तीन विधायक अब्बास अंसारी, जगदीश नारायण और हंसू राम राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग कर सकते हैं। राजभर ने कहा कि हंसू राम अब उनके साथ हैं, उनसे बात हो गई है।
