IND vs SL Asian Games Semifinal: भारत ने श्रीलंका हराकर फाइनल में मारी एंट्री, 124 रन से जीता मुकाबला
एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को 124 रन के बड़े अंतर से हराकर फाइनल में एंट्री कर ली है। अब खिताबी भिड़ंत में उसका मुकाबला पाकिस्तान से होगा, जो बांग्लादेश को सेमीफाइनल में हराकर पहले ही फाइनल में पहुंच चुका है।
एशियन गेम्स 2026 में पुरुष क्रिकेट इवेंट के सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। भारत ने श्रीलंका को 124 रनों के बड़े अंतर से हराया। पहले बैटिंग करते हुए भारत ने 20 ओवर में 169 रन बनाए थे, यानी श्रीलंका को जीत के लिए 170 रनों की जरूरत थी, लेकिन श्रीलंकाई टीम केवल 45 ही रन बना सकी और भारत ने बड़े अंतर से इस मैच को अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की।
भारतीय टीम की शुरुआत नहीं रही अच्छी
भारतीय टीम जब बल्लेबाजी के लिए उतरी तो वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा पारी का आगाज करने के लिए आए। अभिषेक शर्मा जल्दी आउट हो गए। वे तीन बॉल पर केवल सात ही रन बना सके। इसके बाद तीसरे नंबर पर आए संजू सैमसन भी 9 बॉल पर सात रन बनाकर आउट हो गए। इससे टीम टेंशन में नजर आई। हालांकि एक छोर पर वैभव अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन वे भी ज्यादा देर नहीं टिक पाए। उन्होंने 21 बॉल पर 38 रनों की पारी खेली।
कप्तान श्रेयस अय्यर से फिर नहीं बने रन
कप्तान श्रेयस फिर से फ्लॉप रहे। वे 13 बॉल पर 13 ही रन बनाकर आउट हो गए। वो तो ईशान किशन ने एक अच्छी पारी खेली, जिसकी बदौलत टीम इतना बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब रही। ईशान ने 46 बॉल पर 80 रनों की नाबाद पारी खेली। अक्षर पटेल ने आठ और तिलक वर्मा केवल दो ही रन बनाकर आउट हो गए।
भारतीय टीम की जबरदस्त गेंदबाजी
श्रीलंका के सामने बहुत बड़ा स्कोर चेज करने के लिए नहीं था। लेकिन टीम का कोई बल्लेबाज टिककर बल्लेबाजी नहीं कर पाया। जसप्रीत बुमराह ने पहले ही ओवर में दो विकेट लेकर श्रीलंका की कमर तोड़ दी और उसके बाद टीम वहां से बाहर ही नहीं निकल पाई। बुहराह ने दो ओवर में केवल सात रन देकर दो बल्लेबाजों को आउट किया। अक्षर पटेल ने तीन ओवर में 8 रन देकर दो विकेट लिए। अभिषेक शर्मा ने तो केवल पांच ही बॉल फेंकी और उसी में दो विकेट ले लिए। एक सफलता वॉशिंगटन सुंदर को मिली। केवल रवि बिश्नोई ही ऐसे गेंदबाज रहे, जिन्हें कोई विकेट नहीं मिला।
फाइनल में भारत बनाम पाकिस्तान
अब एशियन गेम्स मेंस क्रिकेट के फाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच भिड़ंत होगी। पाकिस्तानी टीम बांग्लादेश को सेमीफाइनल में हराकर फाइनल में पहुंच चुकी है। ये एक हाईवोल्टेज मैच होगा, इस बात की पूरी संभावना है।
