22 August, 2026 (Saturday)

सीतामढ़ी में कोचिंग से घर लौटीं तीन छात्राएं, अचानक बिगड़ी तबीयत, दो की मौत, एक की हालत गंभीर

बिहार के सीतामढ़ी जिले से यह बेहद दुखद और चिंताजनक मामला सामने आया है जहां कोचिंग से घर लौटीं तीन छात्राओं की तबियत अचानक बिगड़ गई जिससे दो बच्चियों की मौत हो गई जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां कोचिंग पढ़कर अपने घर लौट रही तीन छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में तीनों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दो छात्राओं ने दम तोड़ दिया। वहीं, तीसरी छात्रा की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में सन्नाटा पसा हुआ है।

कहां का मामला

बाजपट्टी थाना क्षेत्र के बाजितपुर गांव में कोचिंग से घर लौटने के बाद तीन छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। तीनों के बेहोश होने के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए अलग-अलग अस्पताल और निजी क्लीनिक लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान दो किशोरियों की मौत हो गई, जबकि तीसरी छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों की पहचान घनश्याम सदा की 16 वर्षीय पुत्री सपना कुमारी और रामएकबाल सदा की 15 वर्षीय पुत्री कोतरी कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, कोचिंग से लौटने के कुछ ही देर बाद तीनों छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश हो गईं।

बताया गया है कि कोतरी कुमारी की निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, सपना कुमारी को बाजपट्टी पीएचसी से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। तीसरी छात्रा का निजी क्लीनिक में इलाज चल रहा है। बाजपट्टी पीएचसी के चिकित्सक ने छात्राओं के किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई है। हालांकि, दोनों किशोरियों की मौत की वास्तविक वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद लिखित आवेदन के आधार पर शव परिजनों को सौंप दिए गए। घटना के बाद बाजितपुर गांव में मातम पसरा हुआ है।

दोनों मृतका का किया गया अंतिम संस्कार
ग्रामीणों के मुताबिक दोनों किशोरी के मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। अस्पताल से शव आने के बाद परिजनों ने दोनो किशोरियों के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। उधर, किशोरियों की मौत के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *