14 August, 2026 (Friday)

दिल्ली में वर्क फ्रॉम होम फ्रॉड सिंडिकेट का भंडाफोड़, ठगी की रकम को क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर चीन भेजते थे आरोपी

दिल्ली में पुलिस ने वर्क फ्रॉम होम टास्क फ्रॉड सिंडिकेट का भंडोफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
नई दिल्लीः दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने चीन से जुड़े वर्क फ्रॉम होम टास्क फ्रॉड सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने चार आरोपी गिरफ्तार किए हैं। इनमें बैंक अकाउंट सप्लायर, अकाउंट ऑपरेटर, एजेंट और अकाउंट होल्डर शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों के नाम गीताम सिंह , ध्रुव, अनुज शर्मा और गगन यादव बताए जा रहे हैं। आरोपियों में BBA, B.Com और MBA पढ़े-लिखे युवक भी शामिल हैं।
ठगी की रकम चीन भेजते थे आरोपी

पुलिस के मुताबिक, सिंडिकेट बैंक खाते खुलवाने, सिम की व्यवस्था, रकम की लेयरिंग और क्रिप्टो में कन्वर्जन के जरिए ठगी की रकम छिपाता था। पुलिस ने कुल 9 बैंक पासबुक, 5 सिम कार्ड, 6 मोबाइल फोन और कमीशन का रिकॉर्ड रजिस्टर बरामद किया। पुलिस अब सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों, ठगी की रकम और चीन से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। आरोपी टेलीग्राम के जरिए चीन में बैठे साइबर ठगों को म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराते थे। इन पर ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में घुमाने के बाद USDT क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर चीन भेजने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, वर्क फ्रॉम होम जॉब का झांसा देकर पीड़ित से 12 लाख रुपये की ठगी की गई थी। ठग पहले ऑनलाइन टास्क पूरा करने के नाम पर सिक्योरिटी मनी जमा कराते थे। रकम निकालने की कोशिश करने के बाद अलग-अलग बहाने बनाकर पीड़ित से लगातार और पैसे जमा कराए जाते थे। जांच में ठगों के टेलीग्राम आईडी से जुड़े आईपी एड्रेस चीन में जियोलोकेट हुए।

आरोपियों के पास ये चीजें बरामद

ठगी की रकम का एक हिस्सा आरोपी गगन यादव के बैंक खाते में पहुंचा था। तकनीकी जांच के आधार पर गुरुग्राम से गीताम सिंह को भी गिरफ्तार किया गया। गीताम के मोबाइल से चीन में बैठे ठगों से टेलीग्राम और व्हाट्सऐप चैट के सबूत मिले। पूछताछ में सामने आया कि गीताम म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराने और ठगी की रकम को USDT में बदलने का काम करता था। गीताम की निशानदेही पर गाजियाबाद से ध्रुव नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इसके पास से 9 बैंक पासबुक, 5 सिम, मोबाइल और कमीशन का रिकॉर्ड वाला रजिस्टर बरामद हुआ।

जांच में सामने आया कि ध्रुव ने बैंक अकाउंट खुलवाने में अनुज शर्मा की भूमिका बताई। नोएडा से गिरफ्तार अनुज के मोबाइल से कमीशन भुगतान से जुड़ी चैट की जानकारी सामने आई है। इसके बाद इटावा से बैंक अकाउंट होल्डर गगन यादव गिरफ्तार किया गया। गगन पर कमीशन लेकर अपना बैंक खाता सिंडिकेट को उपलब्ध कराने का आरोप है। दिल्ली में इस तरह के पहले भी मामले सामने आ चुके हैं। अभी हाल में ही पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में बेरोजगारों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *