UP: अब रीलबाजी कर दहशत फैलाने वालों की खैर नहीं! पुलिस ने ‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत की ठकुरान समेत 165 गैंग की पहचान, 23 लोग गिरफ्तार
UP Police Operation Vajrapat: सोशल मीडिया पर रील के माध्यम से लोगों को धमकाने और दहशत फैलाने वालों की अब खैर नहीं है। यूपी पुलिस, ऐसे लोगों को पकड़ने के लिए ऑपरेशन वज्रपात चला रही है।
Operation Vajrapat: इंस्टाग्राम पर रील और फेसबुक पर लाइव कर दहशत पैदा करने, शो बाजी करने वालों और गैंग बनाने वालों की अब यूपी में खैर नहीं है। ऐसे लोगों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हो सकती है और संपत्ति भी जब्त हो सकती है। दरअसल, ऐसे “शो बाजों” और सोशल मीडिया के डॉन बनने की चाह रखने वालों पर नकेल कसने के लिए योगी आदित्यनाथ की पुलिस ‘आपरेशन वज्रपात’ चला रही है।
यूपी पुलिस ने की 165 गैंग की पहचान
सोशल मीडिया पर फेसबुक लाइव या इंस्टाग्राम रील के माध्यम से अपराध करना और लोगों में दहशत फैलाना अब आसान नहीं होगा क्योंकि यूपी पुलिस ने ऑपरेशन वज्रपात शुरू कर दिया है। इस अभियान में पुलिस ने अब तक ऐसे 165 गैंग की पहचान की है जो सोशल मीडिया के जरिए वसूली करने, गुंडई-दबंगई करने या दहशत फैलाने का काम कर रहे हैं। ये गैंग, मेंबर बनाने के लिए अभियान चला रहे हैं, लोगों को डराने के लिए असलहे दिखा रहे हैं, रंगदारी कर रहे हैं, दहशत पैदा करने के लिए स्टंट कर रहे हैं और लाइव धमकी दे रहे हैं।
बड़े अजीबोगरीब हैं कुछ गैंग्स के नाम
पुलिस ने ऐसे गैंग भी पकड़े हैं जो सोशल मीडिया पर मेंबरशिप ड्राइव चला रहे हैं। इन गैंग्स के नाम भी अजीबोगरीब हैं।
गैंग का नाम प्रमुख गतिविधि / पहचान
ठकुरान गैंग जातिगत वर्चस्व स्थापित करने और रील्स के जरिए धमकियां देना
डी गैंग उर्फ दरोगा यादव गैंग हथियारों का प्रदर्शन करना और लाइव आकर चुनौती देना
राधे-राधे गैंग धार्मिक प्रतीकों की आड़ में युवकों को भड़काना
हंटर गैंग सोशल मीडिया पर वसूली और मारपीट के वीडियो पोस्ट करना
पैंथर गैंग हथियारों के साथ रील बनाकर दहशत फैलाना
घातक 1417 गैंग कोडनेम के जरिए साइबर नेटवर्क और गुंडई करना
रोशन सरकार गैंग खुद को “सरकार” बताकर इलाके में दबंगई करना
009 यदुवंशी ब्रांड जातिगत गानों पर रील्स बनाना और दहशत का माहौल तैयार करना
रेवतीपुर गैंग दहशत फैलाने की गतिविधियों में शामिल होना
महाकाल गैंग धार्मिक नाम का इस्तेमाल कर युवकों को एकजुट करना
फरसा गैंग धारदार हथियारों के साथ रील्स बनाकर शोबाजी करना
पुलिस ने 23 आरोपियों को किया गिरफ्तार
DIG वाराणसी जोन वैभव कृष्ण ने इंडिया टीवी को बताया कि इस अभियान में अब तक ऐसे 165 गैंग की पहचान की है जो सोशल मीडिया के जरिए दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे थे। 23 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
