जयपुर में 82 वर्षीय महिला ने 14वीं मंजिल से कूदकर दी जान, घर में बंदकर बेटी और दामाद गए थे अजमेर
पुलिस ने बुजुर्ग महिला का शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
राजस्थान की राजधानी जयपुर से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जयपुर के हरमाड़ा क्षेत्र स्थित एक आवासीय सोसाइटी में 82 वर्षीय महिला ने 14वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, यह घटना सनसिटी के जय विलास अपार्टमेंट में हुई, जहां लक्ष्मी जैन अपनी बेटी और दामाद के साथ रहती थीं।
घर में बुजुर्ग महिला अकेले थी बंद
पुलिस ने कहा कि बुधवार को महिला के परिजन अजमेर गए हुए थे। लक्ष्मी की तबीयत ठीक नहीं होने व नजर कमजोर के कारण वे फ्लैट को बाहर से बंद कर गए थे। 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला घर पर अकेली रह रही थी।
बालकनी से लगाई छलांग
प्राथमिक जांच के अनुसार, गुरुवार सुबह लक्ष्मी ने बालकनी से छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने उन्हें जमीन पर लहूलुहान अवस्था में देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। लक्ष्मी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों ने जताई हैरानी
इस मामले पर अभी मृतक के परिजनों का बयान सामने नहीं आया है। आवासीय सोसाइटी के लोग इस घटना के बाद से हैरान हैं। परिजनों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस सभी एंगलों पर जांच कर रही है।
