18 March, 2026 (Wednesday)

LPG संकट के बीच अब गैस सिलेंडर चुरा रहे चोर, रिटायर्ड जज के घर को भी नहीं बख्शा, देखें वीडियो

LPG संकट के बीच देश के अलग-अलग शहरों में गैस सिलेंडर चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। चोरों ने रिटायर्ड जज समेत कई घरों को निशाना बनाया है और उनकी ये हरकत CCTV में कैद हो गई।
भोपाल/शिवपुरी/रायपुर: मध्य पूर्व में चल रहे तनाव के कारण LPG गैस सिलेंडर की किल्लत बढ़ गई है। ऐसे में अब चोरों की नजर घरों में रखे गैस सिलेंडर पर पड़ गई है। अब शहर-शहर में गैस सिलेंडर चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। मध्य प्रदेश से लेकर छत्तीसगढ़ तक लोग परेशान हैं और पुलिस चोरों की तलाश में लगी हुई है। चोरी की ये घटनाएं सीसीटीवी में कैद होने की वजह से दुनिया के सामने आ गईं। इनमें चोर शातिराना तरीके से LPG सिलेंडर चुराते नजर आ रहे हैं। आइए, एक-एक कर आपको 3 ऐसी ही घटनाओं के बारे में बताते हैं।

भोपाल में रिटायर्ड जज के घर से उड़ाया सिलेंडर
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के लालघाटी इलाके में एक रिटायर्ड जज के घर से 4 खाली गैस सिलेंडर चोरी हो गए। बाइक सवार 3 चोर घर की पार्किंग से सिलेंडर उठाकर ले गए। पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित परिवार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 15 मार्च की रात करीब साढ़े 12 बजे पार्किंग में 4 सिलेंडर रखे थे, जो देर रात चोरी हो गए। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है।

शिवपुरी में भी हुई गैस सिलेंडर चोरी की घटना
शिवपुरी के कोतवाली थाना क्षेत्र की कृष्णपुरम कॉलोनी में एक घर से गैस सिलेंडर चोरी की घटना हुई। चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसा और सिलेंडर ले गया। CCTV में साफ दिख रहा है कि एक चोर सिलेंडर को कंधे पर रखकर ले जाता है। वार्ड नंबर 10 में रहने वाली नीतू मायके गई हुई थीं। अगले दिन जब वे लौटीं तो ताला टूटा मिला, घर का सामान बिखरा पड़ा था। सिलेंडर के अलावा सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और जरूरी दस्तावेज भी चोरी हो गए। पुलिस CCTV के जरिए आरोपी की पहचान में जुटी हुई है।

रायपुर में कारोबारी के घर से चोरी हुआ सिलेंडर
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के बजाज कॉलोनी में एक कारोबारी के घर से रात के अंधेरे में गैस सिलेंडर चुरा लिया गया। CCTV फुटेज में चोर दीवार फांदकर अंदर आता दिख रहा है। उसने पहले पूरे घर का मुआयना किया, फिर सिलेंडर उठाया और फरार हो गया। पुलिस चोर की तलाश कर रही है। LPG सिलेंडर की किल्लत पहले से ही परेशानी बढ़ा रही थी, अब चोरी के मामलों ने चिंता और ज्यादा कर दी है। फिलहाल पुलिस तीनों ही मामलों में गहराई से जांच कर रही है और मामले का जल्द पर्दाफाश करने का दावा कर रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed