आज की ताजा खबर LIVE: SC से मेटा और व्हाट्सएप को झटका, कहा- डेटा साझा नहीं करने को लेकर दाखिल करें हलफनामा
आज मीरा भाईंदर महानगर पालिका में मेयर का चुनाव होगा. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन फरवरी को राष्ट्रपति बालासोर स्थित फकीर मोहन विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी और इसके नवनिर्मित सभागार का उद्घाटन करेंगी.
आज की ताजा खबर LIVE: SC से मेटा और व्हाट्सएप को झटका, कहा- डेटा साझा नहीं करने को लेकर दाखिल करें हलफनामा
आज की ताजा खबर.
बिहारः शपथ लेने के बाद जेल लौटे अनंत सिंह
बिहार के मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने विधानसभा में विधायक पद की शपथ लेने के बाद वापस बेवर जेल केंद्रीय कारा चले गए. इस बीच उन्होंने कहा कि हमें न्याय की उम्मीद करते हैं जांच चल रहा है.
लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित
विपक्षी दलों के हंगामे को देखते हुए लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है.
महाराष्ट्रः मंत्री पंकजा मुंडे के हेलिकॉप्टर में खराबी
बीजेपी नेता और महाराष्ट्र की पर्यावरण मंत्री पंकजा मुंडे के हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी सामने आई. पायलट ने छत्रपति संभाजीनगर से लातूर के लिए उड़ान भरने से पहले ही खराबी को भांप लिया था, जिससे बड़ा हादसा टल गया. पंकजा मुंडे लातूर में एक चुनावी सभा के लिए जा रही थीं.
हमने धैर्य रखना, उसका परिणाम निकलाः PM मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी ने एनडीए संसदीय दल की बैठक में कहा, “सभी सांसद सदन में मौजूद रहें, चर्चा में हिस्सा लें.” उन्होंने कहा कि आप सभी लोग बजट की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएं और उनको बताएं. अमेरिका के साथ डील पर पीएम मोदी ने कहा, “अमेरिकी ट्रेड डील से अच्छा वातावरण बना है. लोग आलोचना कर रहे थे लेकिन हमने धैर्य रखा और अब उसका परिणाम निकला.
बिहारः अनंत सिंह आज विधायक पद की शपथ लेंगे
बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह आज बिहार विधानसभा में पद की शपथ लेंगे. अनंत सिंह दुलारचंद यादव हत्याकांड में अक्टूबर से ही बेवर जेल में बंद हैं. हालांकि एमपी एमएलए कोर्ट ने कल ही अनंत सिंह को विधानसभा जाने की अनुमति दी है.
एनडीए संसदीय दल की बैठक खत्म
दिल्ली में पीएम मोदी की अगुवाई में चल रही एनडीए संसदीय दल की बैठक खत्म हो गई है.
US के साथ डील, भारत की सामरिक आजादी पर हमलाः मनीष तिवारी
भारत-अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा, “जिस तरह से ये घोषणा हुई है, भारत की सामरिक आजादी पर ये सीधा आघात है. ट्रंप ने सोशल मीडिया पर ऐलान किया है कि भारत रूस से तेल नहीं खरीदेगा. भारत से अमेरिका निर्यात पर 18% टैक्स लगेगा और अमेरिका का भारत में जो निर्यात होगा उसमें जीरो टैरिफ रहेगा. ये सीधे-सीधे भारत की सामरिक आजादी पर आघात है.”
ASP अनुज चौधरी की याचिका पर आज सुनवाई
प्रयागराज स्थित इलाहाबाद हाईकोर्ट में एडिशनल एसपी अनुज चौधरी की याचिका पर आज सुनवाई होगी. संभल सीजेएम कोर्ट के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई होनी है. संभल सीजेएम कोर्ट ने अनुज चौधरी समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है.
NDA की बैठक में PM मोदी का सम्मान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का NDA की संसदीय दल की बैठक में अमेरिका के साथ डील पर स्वागत किया गया. इससे पहले बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन का भी सम्मान किया गया.
दिल्लीः थोड़ी देर में NDA संसदीय दल की बैठक
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी NDA संसदीय दल की बैठक में शामिल होने के लिए संसद एनेक्सी बिल्डिंग पहुंच गए हैं. केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा भी पहुंच गए हैं.
प्रयागराजः ज्ञानवापी मस्जिद विवाद पर HC में सुनवाई आज
इलाहाबाद हाईकोर्ट में वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद विवाद से जुड़े मामले की आज सुनवाई होगी. दोपहर 2 बजे से सुनवाई होगी. ज्ञानवापी परिसर में शिवलिंग छोड़ कर वजूखाने के एएसआई से वैज्ञानिक सर्वे कराए जाने की मांग में याचिका दाखिल की गई है.
अमेरिका से डील पर कांग्रेस ने रखी ये मांग
अमेरिका की ओर से डील किए जाने को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है. कांग्रेस ने कहा कि सीजफायर की तरह ट्रेड डील की घोषणा भी राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से की गई. ये बताया गया कि ‘मोदी की रिक्वेस्ट’ पर ट्रेड डील की जा रही है. कांग्रेस ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि ट्रेड डील में किन बिंदुओं पर बात हुई, क्या तय हुआ, ये सारी बात देश को जानने का हक है. मोदी सरकार को इस बारे में सारी जानकारी देश और संसद से साझा करनी चाहिए.
CM भगवंत मान आज से 2 दिन के महाराष्ट्र दौरे पर
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान 2 दिन के महाराष्ट्र दौरे पर हैं. सीएम मान आज मुंबई में उद्योगपतियों से पंजाब में निवेश करने को लेकर अहम बैठक करेंगे.
कांग्रेस ने आज बुलाई सांसदों की बैठक
दिल्लीः कांग्रेस ने CPP ऑफिस में सुबह 10.30 बजे पार्टी सांसदों की बैठक बुलाई है.
मुंबईः रोहित शेट्टी के आवास पर फायरिंग मामले में एक और कामयाबी
मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित आवास पर हुई फायरिंग की घटना में मुंबई पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने इस वारदात में इस्तेमाल किए गए स्कूटर का पता लगा लिया है
दिल्लीः 3 नाबालिग ने की डिलिवरी मैन की हत्या
दिल्ली के पांडव नगर इलाके में 3 नाबालिगों ने कहासुनी के बाद एक डिलीवरी मैन की चाकू मारकर हत्या कर दी. अरुण राज (22 साल) जो डिलीवरी एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम करता था, उसे 3 लोगों ने थोड़ी कहा-सुनी के बाद धारदार हथियार से हमला कर दिया और फरार हो गए. तीनों नाबालिग को पकड़ लिया गया है.
दिल्लीः लाइब्रेरी में तोड़फोड़, JNU के 5 छात्र निलंबित
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) ने 5 पीएचडी विद्यार्थियों को 2 सेमेस्टर के लिए निष्कासित कर दिया है, जिनमें जेएनयू छात्र संघ (JNUSU) के 4 पदाधिकारी भी शामिल हैं. इन विद्यार्थियों को 21 नवंबर, 2025 को डॉ. बीआर आंबेडकर केंद्रीय पुस्तकालय में प्रवेश द्वार पर लगे चेहरे की पहचान प्रौद्योगिकी (एफआरटी) उपकरण में तोड़फोड़ करने का दोषी पाया गया था. आदेश के अनुसार, किझाकूट गोपिका बाबू और अदिति मिश्रा के अलावा सुनील यादव, दानिश अली और नीतीश कुमार को तत्काल प्रभाव से पूरे कैंपस में प्रतिबंधित कर दिया गया है. साथ ही इन सभी पर 20,000-20000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है.
आज से आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान
अमृत उद्यान आज से आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा. आम लोग राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान देखने के लिए आज से 31 मार्च 2026 तक आ सकेंगे.
राष्ट्रपति मुर्मू आज फकीर मोहन विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज राष्ट्रपति बालासोर स्थित फकीर मोहन विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी और इसके नवनिर्मित सभागार का उद्घाटन करेंगी.
अमेरिकी और भारतीय कंपनियों और श्रमिकों को लाभ होगा: चैंबर ऑफ कॉमर्स
यूएस चैंबर ऑफ कॉमर्स का कहना है, हम अमेरिकी और भारतीय सरकारों को टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को कम करने की घोषणा पर बधाई देते हैं, जिससे दोनों महान देशों में अमेरिकी और भारतीय कंपनियों और श्रमिकों को लाभ होगा. हम राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी, और उनके अधिकारियों, जिनमें राजदूत क्वात्रा और गोर शामिल हैं, के प्रयासों की सराहना करते हैं. हमें उम्मीद है कि यह एक व्यापक व्यापार समझौते की दिशा में पहला कदम है जो निजी क्षेत्र के सहयोग को और भी बढ़ावा देगा, और हम समझौते के विवरण की समीक्षा करने के लिए उत्सुक हैं. चैंबर, हमारी यूएस-इंडिया बिजनेस काउंसिल और हमारे सदस्य इस प्रयास के प्रबल समर्थक हैं, और हम आज की घोषणा को लागू करने के लिए दोनों सरकारों के साथ साझेदारी करने के लिए तत्पर हैं.
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग के केहरीबल में गौशालाओं में लगी आग
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग के केहरीबल में गौशालाओं में आग लग गई. दमकल गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं. आग बुझाने के प्रयास जारी हैं.
भारत रूसी तेल की खरीद को केवल कम नहीं करेगा, बल्कि पूरी तरह बंद कर देगा
व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने एएनआई को बताया: भारत द्वारा रूसी तेल की खरीद कम करने के बाद अमेरिका भारतीय आयात पर लगने वाला 25% अतिरिक्त शुल्क भी हटा देगा. अधिकारी ने पुष्टि करते हुए कहा, “हां, हालांकि समझौते के अनुसार भारत रूसी तेल की खरीद को केवल कम नहीं करेगा, बल्कि पूरी तरह बंद कर देगा.
अमेरिका-भारत के बीच द्विपक्षीय व्यापार पर की गई घोषणाओं का स्वागत: जयशंकर
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने ट्वीट किया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बीच हुई बातचीत के बाद द्विपक्षीय व्यापार पर की गई घोषणाओं का स्वागत है. इससे दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, विकास को गति मिलेगी और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा. इससे ‘मेक इन इंडिया’ प्रयासों को मजबूती मिलेगी और विश्वसनीय तकनीकी संबंधों को प्रोत्साहन मिलेगा. हमारे आर्थिक सहयोग में संभावनाएं वास्तव में विशाल हैं और हमें विश्वास है कि हम इन्हें साकार करेंगे. एक मजबूत आर्थिक संबंध हमारी रणनीतिक साझेदारी की सबसे मजबूत नींव है.
आज फिर से गिग वर्कर्स का राष्ट्रव्यापी हड़ताल
ऑनलाइन डिलीवरी एप्स और प्लेटफॉर्म से जुड़े गिग वर्कर्स ने अपनी समस्याओं को लेकर आज काम बंद करने और राष्ट्रव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है.
महाराष्ट्र: आज मीरा भाईंदर महानगर पालिका में मेयर का चुनाव होगा
महाराष्ट्र के मीरा भाईंदर महानगर पालिका में मेयर का चुनाव होगा. 95 पार्षदों वाली मीरा भाईंदर मनपा में भाजपा के अकेले 78 नगरसेवक चुनकर आए हैं.
भारत पर लगे 25 फीसदी टैरिफ को कम किए जाने के ऐलान के बाद बाजार में बारी उछाल आ गया. अमेरिका ने भारत पर लगे टैरिफ को घटाकर 18 फीसदी कर दिया है. ट्रंप ने कहा कि समय के साथ टैरिफ दरें और घटेंगी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन फरवरी को राष्ट्रपति बालासोर स्थित फकीर मोहन विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी और इसके नवनिर्मित सभागार का उद्घाटन करेंगी. अमृत उद्यान आज से आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा. आम लोग राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान देखने के लिए तीन फरवरी से 31 मार्च 2026 तक आ सकेंगे. मौसम विभाग के मुताबिक, देश के पांच राज्यों में जबरदस्त बारिश की संभावना है. इस दौरान तेज हवा भी चल सकती है. उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश की संभावना जताई गई है.
