10 March, 2026 (Tuesday)

आमलेट से ज्यादा उबले अंडे खाना फायदेमंद: रिपोर्ट

नई दिल्ली (ईएमएस)। अक्सर लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि अंडा उबालकर खाना ज्यादा फायदेमंद है या फिर ऑमलेट बनाकर? हैरानी की बात यह है कि बड़ी संख्या में लोग अंडा खाने का सही तरीका नहीं जानते हैं। एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक उबला हुआ अंडा सेहत के लिहाज से ज्यादा सुरक्षित और पौष्टिक माना जाता है।
इसमें बिना किसी तेल या मक्खन के पूरा प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स मिलते हैं। उबालने से अंडे का प्रोटीन आसानी से पचने लायक हो जाता है, जिससे शरीर उसे बेहतर तरीके से इस्तेमाल कर पाता है। यही वजह है कि वजन घटाने और मसल्स बनाने वालों के लिए उबला अंडा पहली पसंद होता है। दूसरी ओर ऑमलेट स्वादिष्ट जरूर होता है, लेकिन इसे बनाते समय तेल या मक्खन का इस्तेमाल किया जाता है। इससे कैलोरी और फैट की मात्रा बढ़ जाती है। हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो अगर ज्यादा तेल में ऑमलेट बनाया जाए, तो यह दिल और वजन से जुड़ी समस्याएं बढ़ा सकता है। हालांकि कम तेल और सही तरीके से ऑमलेट बनाया जाए, तो ऑमलेट भी पूरी तरह नुकसानदेह नहीं होता है। उबले अंडे में कोलेस्ट्रॉल का असर अपेक्षाकृत कम माना जाता है।
वहीं ऑमलेट को तेज आंच पर पकाने से कुछ पोषक तत्व नष्ट हो सकते हैं। खासतौर पर विटामिन बी और एंटीऑक्सीडेंट्स पर इसका असर पड़ता है। यही वजह है कि उबला अंडा पोषण के मामले में थोड़ा आगे रहता है। यह भी सच है कि ऑमलेट में सब्जियां मिलाकर उसे ज्यादा हेल्दी बनाया जा सकता है। प्याज, टमाटर, पालक और शिमला मिर्च डालने से फाइबर और विटामिन्स बढ़ जाते हैं। अगर ऑमलेट को कम तेल में और धीमी आंच पर पकाया जाए, तो यह एक संतुलित और स्वादिष्ट विकल्प बन सकता है, खासकर उन लोगों के लिए जिन्हें उबला अंडा पसंद नहीं होता है। अगर आप सेहत और फिटनेस को प्राथमिकता देते हैं, तो उबला अंडा ज्यादा फायदेमंद माना जाता है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed