06 June, 2026 (Saturday)

बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर ग्रामीणों का सड़क पर हल्ला बोल, NH-130C जाम

गरियाबंद(ईएमएस)। जिले के उदंती-सीता नदी अभ्यारण्य के कोर जोन में स्थित साहेबीन कछार गांव के 200 से अधिक ग्रामीण मंगलवार सुबह सड़क पर उतर आए। शिक्षक, सड़क, बिजली और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं वर्षों से नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-130C पर चक्का जाम कर दिया। हाईवे जाम होने से दोनों ओर यात्री बसों समेत भारी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्राम प्रमुख अर्जुन नायक और रूपसिंह मरकाम के नेतृत्व में ग्रामीण धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। सूचना मिलने पर इंदागांव पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बार-बार के प्रशासनिक आश्वासनों से आक्रोशित ग्रामीण इस बार मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने पर अड़े हुए हैं। ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में बम्हनीझोला से ओडिशा सीमा तक 25 किलोमीटर पक्की सड़क का निर्माण, इंदागांव में स्थानांतरित आदिवासी कन्या छात्रावास एवं कन्या शाला को पुनः साहेबीन कछार में संचालित कर भवन निर्माण, सभी विद्युतविहीन गांवों का शीघ्र विद्युतीकरण, मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के तहत अधूरे शाला भवनों को पूर्ण करना, माध्यमिक शाला साहेबीन कछार में अनुपस्थित शिक्षक को तत्काल पदस्थ कराना, जियो टॉवर को चालू करना, उप-स्वास्थ्य केंद्र करलाझार में बिजली व नल-जल सुविधा बहाल करना तथा अधूरी नल-जल योजनाओं को फिर से शुरू करना शामिल है। ग्रामीणों ने बताया कि 28 अक्टूबर को इन आठ सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया था। अर्जुन नायक ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से हर स्तर पर मांगें रखी गईं, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिले। अब ग्रामीणों ने आर-पार की लड़ाई का मन बनाते हुए मंगलवार सुबह से राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *