12 March, 2026 (Thursday)

सोनारा स्थित सुपरमार्केट में विस्फोट से 23 की मौत, मरने वालों में कई बच्चे भी शामिल

मैक्सिको सिटी,(ईएमएस)। मैक्सिको के सोनारा राज्य के हर्मोसिलो शहर में हुए एक भीषण विस्फोट ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। स्थानीय वाल्डोस सुपरमार्केट में शनिवार दोपहर करीब 2 बजे हुए इस धमाके में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई, जिनमें कई बच्चे भी शामिल हैं। इसके अलावा 11 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
आसपास के दुकानदारों ने मीडिया को बताया कि धमाके के तुरंत बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और आग फैलने के डर से सभी दुकानों को बंद कर दिया गया। राज्य के गवर्नर अल्फोंसो दुराजो ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा, हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि धमाका कैसे हुआ और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकी हमले या किसी हिंसक साजिश की आशंका से इनकार किया है। प्रारंभिक जांच में संभावना जताई जा रही है कि विस्फोट गैस लीक या तकनीकी खराबी के कारण हुआ हो सकता है। यह हादसा ऐसे समय में हुआ जब पूरे देश में लोग ‘डे ऑफ द डेड’ मना रहे थे, जो अपने दिवंगत परिजनों की याद में आयोजित किया जाता है।
राष्ट्रपति क्लाउडिया ने शोक व्यक्त किया
मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाउम ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि केंद्र सरकार राज्य प्रशासन के साथ निरंतर संपर्क में है ताकि घायलों को हरसंभव चिकित्सा सहायता और प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाई जा सके।
फिलहाल विस्फोट के कारणों की जांच जारी है। प्रशासन ने कहा है कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, नए तथ्य सार्वजनिक किए जाएंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed