तकनीक से बनाएं अपनी पहचान, मोबाइल एप की बढ़ती मांग बनी प्रतिभावान युवाओं के लिए संभावनाएं
आजकल चाहे कोई सामान खरीदना हो, गाने सुनने हों या फिर अखबार पढ़ना हो, गेम खेलने हों या किसी को पैसे भेजने हों, ये सारे काम अब स्मार्टफोन से ही हो जाते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि ये सभी काम हम किसकी मदद से कर पाते हैं? जी हां, सही समझा आपने, मोबाइल में इंस्टाल हुए एप्लीकेशन के माध्यम से। आज गाने सुनने से लेकर पैसे भेजने और सामान खरीदने आदि के लिए बहुत सारे अलग-अलग एप्स हैं। यहां तक कि कोरोना संक्रमित की सही जानकारी और टीकाकरण के लिए भी जिस आरोग्य सेतु और कोविन एप्लीकेशन की मदद ली जा रही है, वह भी एक मोबाइल एप ही है। इसी तरह आज चाहे बच्चों को स्कूल की क्लास लेनी हो या घर का सामान मंगवाना हो, ये काम भी मोबाइल एप से बड़ी आसानी से हो जा रहे हैं। ऐसे में यह कहना गलत न होगा कि आज के दौर में एप के कारण आपका मोबाइल किसी जादू की पोटली से कम नहीं है।
एक अनुमान के मुताबिक, मोबाइल एप का बाजार साल 2025 तक बढ़कर लगभग 1 हजार बिलियन यूएस डॉलर तक हो जाएगा। एक अन्य सर्वे के मुताबिक, 2030 तक 50 प्रतिशत लोग खरीदारी के लिए मोबाइल एप्लीकेशन का ही उपयोग करेंगे। इससे समझा जा सकता है कि प्रोग्रामिंग और मोबाइल एप्लीकेशन डेवलपमेंट सीखना अब कितना जरूरी हो गया है। सरकार द्वारा अधिकांश कार्य ऑनलाइन माध्यम से करने पर जोर दिये जाने से आने वाले वर्षों में युवाओं के लिए इसमें करियर संभावनाएं और तेजी से बढ़ेंगी।
आकर्षक कमाई के मौके
स्मार्टफोन की कम कीमत, सस्ती दरों पर इंटरनेट सेवाओं की उपलब्धता और कोरोना महामारी के बाद बदली परिस्थितियों की वजह से मोबाइल पर हम सबकी निर्भरता बढ़ती जा रही है। इससे एप की जरूरत और उपयोगिता भी बढ़ रही है। स्मार्टफोन की बढ़ती लोकप्रियता के कारण ही मोबाइल एप बनाने का आज बड़ा वैश्विक बाजार खड़ा हो चुका है, जहां रोजगार और असीमित कमाई के मौके हैं। इतना ही नहीं, मोबाइल एप्लीकेशन आज अधिकांश व्यवसायों का अनिवार्य हिस्सा बन गया है या यूं कहें कि एप के भरोसे ही बहुत सारे बिजनेस चल रहे हैं, जैसे कि ओला, उबर, अमेजन, पेटीएम आदि। यहां तक कि बैंकिंग के काम भी तेजी से एप के जरिए होने लगे हैं। आज अगर ये एप न होते, तो शायद ही ये बिजनेस इस रफ्तार से आगे बढ़ते। दरअसल, मोबाइल एप भी एक प्रकार से सामान्य सॉफ्टवेयर ही है, लेकिन इसका उपयोग मोबाइल में करते हैं।
