21 October, 2026 (Wednesday)

ईयू के प्रतिबंध से भड़के चीन की जवाबी कार्रवाई, ब्रिटेन के नौ नागरिकों और चार संस्थानों को किया बैन

यूरोपीय यूनियन (ईयू) के प्रतिबंधों से भड़के चीन ने ब्रिटेन के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करते हुए इस देश के नौ नागरिकों और चार संस्थानों के खिलाफ प्रतिबंध लगा दिए। ईयू ने गत सोमवार को शिनजियांग में मानवाधिकार उल्लंघनों को लेकर चार चीनी अधिकारियों के खिलाफ प्रतिबंध लगाने का एलान किया था। ईयू ने बीजिंग के खिलाफ तीन दशक बाद इस तरह की सख्त कार्रवाई की। इस कदम में ब्रिटेन ने भी ईयू का साथ दिया था।

चीनी विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि पश्चिमी देशों की कार्रवाई झूठ और दुष्प्रचार पर आधारित है, जो अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन है। इस तरह की कार्रवाई चीन और ब्रिटेन के संबंधों को गंभीर रूप से कमजोर करती है। बयान में यह भी कहा कि राजनयिक स्तर पर विरोध दर्ज कराने के लिए ब्रिटेन के राजदूत को तलब किया गया। ब्रिटेन के जिन नौ नागरिकों और चार संस्थानों को प्रतिबंधों की सूची में में डाला गया है, उनमें संसद सदस्य इयान डंकन स्मिथ और कंजरवेटिव पार्टी का मानवाधिकार आयोग भी शामिल है। प्रतिबंधित किए गए लोगों और संस्थानों के साथ चीनी नागरिकों और समूहों के वित्तीय लेन-देन पर रोक होती है। जबकि ऐसे लोग चीन की यात्रा भी नहीं कर सकते हैं।

इस कारण ईयू ने लगाए प्रतिबंध

यूरोपीय यूनियन की ओर से गत सोमवार को जिन चीनी अधिकारियों को प्रतिबंधित किया गया, उनमें शिनजियांग के जन सुरक्षा ब्यूरो के निदेशक चेन मिंगगू का नाम भी शामिल है। यूरोपीय यूनियन ने बताया कि मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन के लिए चेन जिम्मेदार हैं। उन्होंने उइगर मुस्लिमों और दूसरे अल्पसंख्यक समुदायों के लोगों की धार्मिक आजादी और आस्था के अधिकारों का भी उल्लंघन किया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed