विरोधी ताकतों से निपटने को चीन से संबंध प्रगाढ़ कर रहा उत्तर कोरिया, अमेरिका की गठजोड़ पर पैनी नजर
दुनिया में अलग-थलग पड़े उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन विरोधी ताकतों की चुनौतियों से निपटने के लिए चीन के साथ संबंध मजबूत करने में जुट गए हैं। इस संबंध में किम की ओर से भेजे गए संदेश पर चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने भी दोनों देशों के बीच पारंपरिक संबंधों को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। उत्तर कोरिया की सरकारी न्यूज एजेंसी कोरिया सेंट्रल न्यूज एजेंसी ने मंगलवार को बताया कि किम ने चीनी राष्ट्रपति के साथ बातचीत में ‘विरोधी ताकतों’ के कारण पैदा हो रही चुनौतियों से निपटने के लिए बीजिंग के साथ सहयोग को मजबूती प्रदान करने की वकालत की है।
इधर, चीन की शिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने बताया कि बीजिंग में सोमवार को दोनों देशों के राजनयिकों की वार्ता के दौरान चिनफिंग और किम के संदेशों का आदान-प्रदान किया गया। चीन और उत्तर कोरिया के बीच सहयोग बढ़ाने की यह बात ऐसे सामने आई, जब अमेरिका का बाइडन प्रशासन दक्षिण कोरिया और जापान के साथ सहयोग मजबूत करने के प्रयास में है। अमेरिका क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव और उत्तर कोरिया के परमाणु खतरे से निपटने के लिए अपने एशियाई साझेदारों के साथ सहयोग बढ़ा रहा है।-
