23 July, 2026 (Thursday)

Priyanka Gandhi Vadra के काफिले में शामिल गाड़ियां आपस में भिड़ीं, हापुड़ रोड पर हुआ हादसा

26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर परेड के दौरान जान गंवाने वाले किसान नवरीत सिंह के स्वजन से मिलने जा रहीं कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी का काफिला ब्रजघाट में गंगा पुल के निकट आपस में भिड़ गया, जिसमें प्रियंका गांधी की कार समेत कई गाड़ियां मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई। कुछ देर रुकने के बाद काफिला रामपुर की ओर रवाना हो गया।

बता दें कि 26 जनवरी के मौके पर दिल्ली में किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान ट्रैक्टर पलटने से हुए हादसे में रामपुर निवासी युवक नवरीत सिंह की मौत हो गई थी, जिसके बाद सियासत भी शुरू हो गई थी। हादसे के बाद अफवाहों पर विराम लगाने के लिए दिल्ली पुलिस की ओर से एक वीडियो जारी किया गया था। जिसमें देखा गया था कि आईटीओ के पास पुलिस बैरिकेड को तोड़ने की कोशिश में तेज रफ्तार ट्रैक्टर पलट जाता है। इस ट्रैक्टर के नीचे नवरीत सिंह दब जाते हैं। जिसमें उनकी मौत हो जाती है। जिसके बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और राष्ट्रीय लोकदल के नेता तयम चाैधरी ने नवरीत सिंह के स्वजन से मिलने रामपुर जाने का कार्यक्रम निर्धारित किया था।

इस कड़ी में बृहस्पतिवार को नवरीत सिंह के यहां अरदास कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। सुबह प्रियंका गांधी का काफिला दिल्ली से रामपुर की ओर रवाना हुआ। उनके साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष लल्लू सिंह भी हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मिथुन सुबोध त्यागी ने बताया कि प्रियंका गांधी का काफिला करीब नौ बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-9(पूर्व में 24) स्थित ब्रजघाट पहुंचा। यहां उन्हें समर्थकों ने रोक लिया। इसी बीच मीडियाकर्मी भी पहुंच गए। जिनसे बात करते समय काफिले में शामिल एक गाड़ी अनियंत्रित हो गई और पीछे से कार में जा घुसी। जिसमें प्रियंका गांधी की गाड़ी समेत एक के बार एक कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई। काफिले में शामिल लोगों का हाल जानने के बाद प्रियंका गांधी रामपुर के लिए रवाना हो गईं। मिथुन सुबोध त्यागी ने बताया कि प्रियंका गांधी इस कार्यक्रम में भाग लेंगी और नवरीत के स्वजन को सांत्वना देंगी।

बता दें कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी बृहस्पतिवार सुबह दिल्ली से रामपुर के लिए रवाना हुई थीं। समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार प्रियंका गांधी अपनी गाड़ी में रामपुर के लिए निकलीं।

गौरतलब है कि कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी प्रियंका गांधी 26 जनवरी दिल्ली में हुई ट्रैक्टर परेड के दौरान हादसे में जान गंवाने वाले युवक के परिवार से मिलने के लिए रामपुर रवाना हुई हैं। 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर परेड के दौरान 27 साल के नवरीत सिंह का ट्रैक्टर पलटने से मौत हो गई थी।

प्रियंका गांधी ने पूर्व में ही एलान कर दिया था कि वह नवरीत के परिवार वालों से मिलने और शोक जताने जाएंगीं। कांग्रेस की ओर दी गई जानकारी के मुताबिक, प्रियंका करीब 11.30 बजे नवरीत की शोकसभा में शामिल होंगी। गाड़ियों के आपस में भिड़ने के बाद हो सकता है वह थोड़ी देरी से रामपुर पहुंचे।

बता दें कि दिल्ली में ट्रैक्टर परेड के दौरान जान गंवाने वाले नवरीत सिंह ऑस्ट्रेलिया पढ़ाई के लिए गए थे और हाल ही भारत लौटकर आए थे। भारत आने के बाद वो दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे किसान आंदोलन में शामिल हो गए थे। इस दौरान ट्रैक्टर हादसे में उनकी मौत हो गई।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed