मिली न एक भी शादी की दावत लाकडाउन में जनपद स्थापना दिवस पर लोहिया कला भवन में कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन
(सिद्धार्थनगर )। जनपद स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं मुशायरे में कवियों ने विविध रसों की रचनाएं प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। समाज की कुरीतियों से लगायत देश भक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियों पर खूब तालियां बटोरी।
लोहिया कला भवन में मंगलवार रात संपन्न कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का शुभारंभ कवयित्री सत्यमवदा शर्मा की सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद जिले के युवा शायर संघशील झलक ने अपनी गजलों से युवाओं को लहालोट कर भरपूर वाहवाही लूटी। जनपद के वरिष्ठ रचनाकार ब्रह्मदेव शास्त्री पंकज की रचना समंदर में उठा तूफान, है सैलाब दरिया में, किसीकी आंख से दो बूंद आंसू बह गये होंगे, सुनाकर श्रोताओं की कोमल संवेदनाओं को झंकृत कर दिया। नैनीताल से आए मशहूर कवि मोहन मुंतजिर ने अपनी बारी में एक से बढ़कर एक कविताएं प्रस्तुत कर कार्यक्रम को नयी ऊंचाई प्रदान की।
उनकी रचना फिर किसी से मिलाएंगे नजरें, फिर किसी से मोहब्बत करेंगे, वो अगर बेवफा हो गयी तो, दूसरी से मोहब्बत करेंगे सुनकर युवा श्रोता देर तक तालियां बजाते रहे. युवा कवि पंकज सिद्धार्थ ने अपनी उम्दा गजलों के माध्यम से प्यार, मोहब्बत भाईचारे का सशक्त संदेश दिया। जिले के मशहूर शायर नियाज कपिलवस्तुवी ने अपनी रचना के माध्यम से लाकडाउन की यादों को साझा करते हुए कहा-बजे न बैंड बाजे, न ही शहनाई की धुन गूंजी, मिली न एक भी शादी की लाकडाउन में, अजब सी हो गयी दुनिया की हालत लाकडाउन में, लाकडाउन से जुड़ी नियाज की यह रचना लोगों ने खूब सराही। अपनी बारी में जनपद के वरिष्ठ रचनाकार डॉ. ज्ञानेंद्र द्विवेदी दीपक ने देश की एकता अखंडता को समर्पित रचना- टुकड़े, टुकड़े, टुकड़े, टुकड़े, जितने तनमन उतने टुकड़े, टुकड़ों से ही पूछ रहा हूँ, मेरा हिंदुस्तान कहां है, सुनाकर लोगों को देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत कर दिया।
दिल्ली से आए हास्य कवि योगेंद्र सुंद्रियाल की रचनाओं पर खूब ठहाके लगे। सुप्रसिद्ध हास्य कवि बादशाह प्रेमी के संचालन में रात बारह बजे तक धुआंधार चले कार्यक्रम में कवयित्री प्रीति गुप्ता, रत्नेश रत्न, नूर कासमी, डॉ. जावेद कमाल, जावेद सरवर, नियाज आजमी आदि ने भी विविध रसों की कविताएं सुनाकर श्रोताओं को भरपूर रसास्वादन कराया। अंत में सांसद जगदंबिका पाल ने ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिए आयोजन समिति की भूरि भूरि प्रशंसा। आयोजन समिति के प्रति आभार प्रकट करते हुए निकट भविष्य में भव्य कपिलवस्तु महोत्सव के आयोजन की मंशा भी प्रकट की।
एसडीएम उमेश चंद्र निगम, विकास कश्यप, सीओ सदर प्रदीप कुमार यादव, समाज कल्याण अधिकारी डॉ. राहुल गुप्ता, अतिरिक्त सूचना अधिकारी विमलेश कुमार, पूर्व प्रधानाचार्य चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, शिक्षक नेता राधेरमण त्रिपाठी, योगेंद्र पांडेय, कर्मचारी नेता अनिल सिंह, राम करन गुप्ता, कैप्टन नीरज श्रीवास्तव, बबलू श्रीवास्तव, आयोजन समिति के राणा प्रताप सिंह, डॉ. अरुण प्रजापति, संतोष श्रीवास्तव, नितेश पांडेय, फतेह बहादुर सिंह, अरुण त्रिपाठी, सुजीत जायसवाल, सर्वेश जायसवाल, अमित त्रिपाठी, श्रीधर पांडेय, देवेंद्र सिंह, विकास पांडेय,संजीव जायसवाल, सिद्धार्थ गौतम, राजेश मिश्रा आदि कई उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
