35 आक्सीजन संयंत्रों का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी, हर रोज मिलेगा 1750 मीट्रिक टन से अधिक आक्सीजन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को 35 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 35 प्रेशर स्विंग एडजार्प्शन (पीएसए) आक्सीजन संयंत्रों का उद्घाटन करेंगे। बुधवार को पीएमओ की तरफ से बताया गया था कि उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही देश के सभी जिलों में पीएसए आक्सीजन संयंत्र स्थापित हो जाएंगे। इस अवसर पर पीएम मोदी वहां उपस्थित जनसभा को भी संबोधित करेंगे। पीएमओ की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, अब तक कुल 1,224 पीएसए आक्सीजन संयंत्रों के लिए पीएम केयर्स फंड से राशि उपलब्ध कराई गई है। इनमें से 1,100 पीएसए आक्सीजन संयंत्रों की स्थापना की जा चुकी है और इनसे 1,750 मीट्रिक टन से अधिक आक्सीजन हर रोज उपलब्ध होगा।
