3 Idiots 2: कॉलेज के बाद अब मिड-लाइफ क्राइसिस से जूझेंगे रैंचो, फरहान और राजू, राजकुमार हिरानी ने बताया कैसी होगी कहानी
‘3 इडियट्स’ के सीक्वल का ऐलान कर दिया गया है। फिल्म की कहानी के बारे में निर्देशक राजकुमार हिरानी ने बात की है और बताया कि फिल्म की कहानी कैसी होगी।
‘3 इडियट्स’ के सीक्वल को लेकर काफी चर्चाएं हैं। मेकर्स और आमिर खान ने ‘3 इडियट्स’ के सीक्वल की पुष्टि की थी, जिसके बाद से ही फैंस फिल्म के बारे में अपडेट का इंतजार कर रहे हैं। बीते दिनों ये साफ किया गया था कि आमिर खान के साथ आर माधवन और शरमन जोशी फिर से एक साथ नजर आएंगे, यानी नई कहानी में वही पुराने चेहरे होंगे और कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी, जहां पहले पार्ट में खत्म हुई थी। ऐसे में लोगों के लिए रिलेट करना भी आसान रहेगा। हाल ही में फिल्ममेकर राजकुमार हिरानी ने इस सीक्वल और ‘3 इडियट्स’ के किरदारों आमिर खान के रैंचो, आर माधवन के फरहान कुरैशी और शरमन जोशी के राजू रस्तोगी की कहानी आगे कहां और किस दिशा जाएगी, इस बारे में जानकारी दी।
क्या होगा कहानी का प्लॉट?
‘द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया’ से बात करते हुए हिरानी ने बताया कि वह और उनके राइटिंग पार्टनर अभिजात जोशी अभी सीक्वल की कहानी और स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं। फिल्म के तीनों मुख्य किरदारों की कहानी को आगे ले जाने की अपनी योजनाओं के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा, ‘अभी बहुत काम बाकी है। यह मुख्य रूप से इस बारे में है कि 15-20 साल बाद इन किरदारों का क्या होता है। यह कॉलेज या ऐसी किसी चीज के बारे में नहीं है। अब उनकी शादी हो चुकी है और उनके बच्चे भी हैं। वे मिड-लाइफ क्राइसिस से गुजर रहे हैं, इसलिए हमें देखना होगा कि अब आगे क्या होता है?’
‘एक बड़ा संदेश होगा’
ओरिजिनल फिल्म ने यह संदेश दिया था कि इंसान को अपने सपनों का पीछा करना चाहिए और अंधी दौड़ (रैट रेस) में नहीं फंसना चाहिए। अगर कोई व्यक्ति अपने जुनून (पैशन) को फॉलो करता है तो वह असल में जिंदगी में सफल होता है। फिल्म ने अपने संदेश से दुनिया भर में कई लोगों को प्रेरित किया। वेबसाइट से बात करते हुए हिरानी ने पुष्टि की कि ओरिजिनल फिल्म की तरह ही सीक्वल में भी एक संदेश होगा और वह बहुत बड़ा होगा। उन्होंने कहा, ‘स्क्रिप्ट पर अभी कुछ काम बाकी है, लेकिन कहानी वाकई बहुत अच्छी है अनोखी और इसमें पहली फिल्म जैसा ही ह्यूमर है। यह ‘3 इडियट्स’ के किरदारों की कहानी को 10 साल बाद आगे बढ़ाती है।’
‘3 इडियट्स’ के बारे में
आमिर खान की यह फिल्म हिंदी सिनेमा की सबसे पसंदीदा फिल्मों में से एक बनी हुई है। फिल्म का डायलॉग ‘ऑल इज वेल’ दर्शकों के बीच बहुत मशहूर हुआ और एक कैचफ्रेज बन गया। ओरिजिनल फिल्म को राजकुमार हिरानी ने लिखा, एडिट और डायरेक्ट किया था, इसे अभिजात जोशी के साथ मिलकर लिखा गया था और विधु विनोद चोपड़ा ने प्रोड्यूस किया था। फिल्म में आमिर, आर माधवन और शरमन जोशी मुख्य भूमिकाओं में थे, जबकि करीना कपूर, बोमन ईरानी, मोना सिंह और ओमी वैद्य ने सहायक भूमिकाएं निभाई थीं। फिल्म ने तीन नेशनल अवॉर्ड जीते और भारत में बहुत बड़ी हिट रही। यह चीन में भी काफी लोकप्रिय हुई और वहां भी बड़ी हिट साबित हुई। इसका तमिल रीमेक ‘नानबन’ (2012) के नाम से बना, जबकि मैक्सिकन रीमेक ‘3 इडियट्स’ 2017 में रिलीज हुआ।
