रातभर सोने के बाद भी दिन में थकान और आलस रहता है, ऐसा आयरन की कमी से हो सकता है, ये हैं मुख्य लक्षण
क्या रातभर सोने के बाद भी दिन में आपको आलस, थकान और सुस्ती महसूस होती है। इसका वजह नींद नहीं बल्कि शरीर में आयरन की कमी हो सकती है। जानिए कौन से लक्षणों से शरीर में आयरन की कमी का पता चलता है?
कुछ लोगों को शरीर में थकान, कमजोरी, आलस या अक्सर तनाव रहता है, जिसे लोग नींद की कमी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन अगर आपको रातभर सोने के बाद भी ऐसा महसूस होता है तो इसे इग्नोर न करें। शरीर में ये बदलाव आयरन की कमी के कारण भी हो सकते हैं। इंस्टाग्राम पर डॉक्टर कुणाल सूद ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वो ऐसे लक्षणों के बारे में बता रहे हैं जो शरीर में अधिक आयरन की आवश्यकता का संकेत हो सकते हैं।
भरपूर नींद के बाद भी थकान महसूस होना
डॉक्टर सूद ने बताया कि अगर पर्याप्त नींद के बाद भी आपको थकान महसूस होती है और इसके साथ शरीर में कुछ अन्य लक्षण भी महसूस होते हैं तो इन पर ध्यान देना जरूरी है।
हर समय ठंड लगना- थकान और कमजोरी के साथ अगर आपको दिन में लगातार ठंड लगती रहती है तो ये शरीर में आयरन की कमी का संकेत हो सकता है। शरीर में खून की कमी होने के कारण सामान्य से अधिक ठंड लगती है।
नॉर्मल काम में सांस फूलना- डॉक्टर सूद ने बताया कि रोज के काम करते वक्त अगर आपकी सांस फूलने लगती है तो ये नॉर्मल नहीं है। खासतौर से ऐसे काम करते वक्त सांस फूलना, जिससे नॉर्मली सांस नहीं फूलती है। इस बात का संकेत हो सकता है कि आपके शरीर को अधिक आयरन की ज्यादा जरूरत है।
बालों का झड़ना- शरीर में आयरन की कमी का एक और बड़ा लक्षण है तेजी से बालों का झड़ना। अगर नॉर्मल से ज्यादा बाल झड़ रहे हैं तो एक बार डॉक्टर तो जरूर दिखाएं। हालांकि शरीर में आयरन की कमी के अलावा भी हेयरफॉल के कई दूसरे कारण भी हो सकते हैं।
पीली त्वचा या आंखें- अगर आपकी आंखों का रंग पीला हो रहा है। त्वचा भी हल्की पीली दिख रही है तो ऐसा रंग ध्यान देने वाला संकेत है। आपकी त्वचा का पीलापन शरीर में आयरन की कमी का लक्षण हो सकता है। शरीर में लाल रक्त कोशिकाएं कम होने पर पीलापन आने लगता है।
ध्यान रखें कि ये लक्षण शरीर में आयरन की कमी के साथ दूसरी समस्याओं का संकेत भी हो सकते है। ऐसा शरीर में पोषक की कमी का संकेत हो सकता है। अगर लंबे समय तक ये लक्षण बने रहते हैं तो किसी डॉक्टर को दिखाने की जरूरत है।
