06 June, 2026 (Saturday)

मोदी सरकार में कुल 71 मंत्री, केवल 1 मंत्री करोड़पति नहीं

नई दिल्‍ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली नई मंत्रिपरिषद (Narendra Modi Cabinet) के 71 सदस्यों में से 70 यानी 99 फीसदी करोड़पति हैं. मंत्रियों की की औसत संपत्ति 107.94 करोड़ रुपये है. देश में चुनाव सुधार की दिशा में काम करने वाली संस्था एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) के मुताबिक, मंत्रियों में से छह ऐसे हैं जिनके पास 100 करोड़ रुपये से कहीं अधिक की संपत्ति है. मंत्रियों द्वारा अपने चुनावी हल्‍फनामें में दी गई जानकारी के आधार पर एडीआर ने यह आकलन किया है. राज्य मंत्री डॉ चंद्रशेखर पेम्मासानी 5705.47 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति के साथ इस सूची में सबसे ऊपर हैं. दूसरे नंबर पर संचार मंत्री और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया है तो तीसरे नंबर पर भारी उद्योग मंत्री और इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी हैं.

नरेंद्र मोदी केबिनेट के मंत्रियों के वित्तीय विवरण प्रदान करने वाली रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि उनके बीच औसत संपत्ति 107.94 करोड़ रुपये है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने 71 मंत्रियों के साथ रविवार को शपथ ली थी. इस बार भाजपा को भाजपा को अपने दम पर बहुमत नहीं मिला है. इसलिए मोदी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का नेतृत्व कर रहे हैं.

किसके पास कितनी संपत्ति
सबसे अमीर मंत्री डॉ चंद्रशेखर पेम्मासानी की संपत्ति में 5598.65 करोड़ रुपये की चल और 106.82 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है. पेम्मासानी तेलुगु देशम पार्टी की टिकट पर आंध्र प्रदेश के गुंटूर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से जीतकर आए हैं. संचार मंत्री और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कुल 424.75 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है. उनकी संपत्ति के ब्योरे में चल संपत्ति में 62.57 करोड़ रुपये और अचल संपत्ति में 362.17 करोड़ रुपये शामिल हैं.

217.23 करोड़ रुपये के मालिक हैं कुमारस्‍वामी
भारी उद्योग मंत्री और इस्पात मंत्री तथा जनता दल (सेक्युलर) के नेता एचडी कुमारस्वामी के पास कुल 217.23 करोड़ रुपये की संपत्ति है. उनकी संपत्ति में 102.24 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 115.00 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है. इस तरह वे मोदी केबिनेट के तीसरे सबसे अमीर मंत्री हैं. रेल मंत्री, सूचना एवं प्रसारण मंत्री और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कुल 144.12 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है, जिसमें 142.40 करोड़ रुपये चल संपत्ति और 1.72 करोड़ रुपये अचल संपत्ति शामिल है.

राव इंद्रजीत सिंह की नेट वर्थ है 121.54 करोड़ रुपये
सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), योजना मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और संस्कृति मंत्रालय में राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के पास कुल 121.54 करोड़ रुपये की संपत्ति है. उनकी संपत्ति में चल संपत्ति में 39.31 करोड़ रुपये और अचल संपत्ति में 82.23 करोड़ रुपये शामिल हैं. वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने 110.95 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है. इसमें 89.87 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 21.09 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है.

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed