महिला का दावा, 11 महीने में घटाया 32 किलो वजन, इन 5 चीजों से हमेशा के लिए बना ली दूरी, जानें वेट लॉस जर्नी
सोशल मीडिया पर इन दिनों गुरुग्राम की एक महिला की वेट लॉस जर्नी काफी तेजी से वायरल हो रहा है। उनका वेट लॉस ट्रांसफॉर्मेशन कमाल का है। गुरुग्राम की रहने वाली दीप्ति हरषाना ने खुद अपनी वेट लॉस जर्नी शेयर की है। तो चलिए जानते हैं किस तरह उन्होंने 32 किलो वजन कम किया।
वजन कम करना आज के समय में लोगों के लिए काफी चैंलेंजिंग हो चुका है। लेकिन लाइफस्टाइल में बदलाव कर और सही खान-पान की मदद से आप आसानी से वजन घटा सकते हैं। इंस्टाग्राम पर हाल ही में वायरल हुए एक रील में गुरुग्राम की रहने वाली एक महिला ने अपनी वेट लॉस जर्नी शेयर की है। गुरुग्राम की रहने वाली दीप्ति हरषाना का वेट लॉस ट्रांसफॉर्मेशन आज उन लाखों लोगों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन चुका है, जो बढ़ते वजन और मोटापे से परेशान हैं। दीप्ति ने किसी महंगे डायटीशियन या फैंसी डाइट प्लान के बिना, सिर्फ अपनी लाइफस्टाइल में बदलाव कर यह मुकाम हासिल किया जो नामुमकिन सा लगता है। उन्होंने 11 महीनों में अपना वजन 92 किलोग्राम से घटाकर 60 किलोग्राम कर लिया। 32 किलो वजन कम करने के इस शानदार सफर की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने इसके लिए कोई फास्टिंग नहीं की, बल्कि अपनी रोजाना की डाइट से इन 5 चीजों को दूर कर दिया।
1. मीठे पेय पदार्थों से दूरी
वजन घटाने के सफर में दीप्ति का पहला और सबसे महत्वपूर्ण कदम था मीठी ड्रिंक्स को अपनी डाइट से हटाना। पैकेट वाले जूस, कोल्ड ड्रिंक्स और चीनी से भरपूर चाय-कॉफी शरीर में कैलोरी की मात्रा को बहुत तेजी से बढ़ाते हैं। इससे न केवल चर्बी जमा होती है, बल्कि वॉटर रिटेंशन के कारण चेहरे और शरीर पर सूजन भी दिखने लगती है। दीप्ति ने इनकी जगह नारियल पानी, नींबू पानी और ग्रीन टी जैसी चीजों का सेवन किया।
2. सफेद ब्रेड से दूरी
सफेद ब्रेड भले ही नाश्ते का एक अहम हिस्सा हो, लेकिन इसके सेवन से वजन बढ़ता है। इसमें मौजूद रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट्स शरीर में ब्लड शुगर लेवल को अचानक बढ़ा देते हैं, जिससे इंसुलिन का लेवल बिगड़ता है और फैट जमा होने लगता है। दीप्ति ने इसे छोड़कर मल्टीग्रेन ब्रेड, होल वीट ब्रेड, सॉरडफ और ओट्स को अपने नाश्ते का हिस्सा बनाया।
3. पैकेटबंद स्नैक्स पर पाबंदी
चिप्स, कुकीज और नमकीन जैसे पैकेटबंद स्नैक्स स्वाद में तो अच्छे लगते हैं, लेकिन ये सेहत के दुश्मन हैं। इनमें सोडियम और कैलोरी बहुत ज्यादा होती है, जो ब्लोटिंग का कारण बनती है और बार-बार भूख लगाती है। दीप्ति ने इन अनहेल्दी स्नैक्स को हटाकर भुने हुए चने, मखाने और मिक्स नट्स खाना शुरू किया, जो पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद करता था।
4. तले-भुने और फास्ट फूड से रहें दूर
बाहर का जंक फूड और तला-भुना खाना ट्रांस फैट से भरपूर होता है, जो वजन बढ़ाने के साथ-साथ शरीर को सुस्त और थका हुआ बना देता है। दीप्ति ने बाहर के खाने को पूरी तरह बंद करके घर पर ही बने हेल्दी रैप्स, ग्रिल्ड पनीर, चिकन टिक्का और घर के बने भोजन को प्राथमिकता दी। इससे उन्हें कैलोरी कंट्रोल करने में मदद मिली।
5. देर रात की स्नैकिंग
रात को टीवी देखते समय या देर तक जागते हुए कुछ न कुछ खाने की आदत वजन बढ़ने का एक बड़ा कारण है। दीप्ति के अनुसार, इस समय हम बिना भूख के सिर्फ आदत के चलते बहुत ज्यादा कैलोरी खा लेते हैं। उन्होंने इस आदत को सुधारा और रात में भूख या क्रेविंग होने पर बिना चीनी वाली हर्बल टी पीना शुरू किया।
कोई फैंसी डाइट नहीं, सिर्फ घर का खाना
दीप्ति की इस जर्नी की सबसे खूबसूरत बात यह है कि उन्होंने साबित कर दिया कि फिटनेस के लिए महंगे सप्लीमेंट्स या डाइट चार्ट की जरूरत नहीं होती। उनका पूरा ट्रांसफॉर्मेशन पूरी तरह से घर के बने सादे खाने और रोजाना 45 मिनट के वर्कआउट पर टिका था।
