07 September, 2026 (Monday)

भारत से सीरीज खेलने के लिए व्याकुल है पाकिस्तान, आईसीसी जल्द ले सकता है फैसला

आईसीसी का एक सेमिनार इसी महीने होना है। इसमें भारत, पाकिस्तान और कुछ और टीमों की एक सीरीज की रूपरेखा बनाई जा सकती है। पीसीबी इस सीरीज को कराने की पूरी कोशिश में है।
भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले कई साल से कोई सीरीज नहीं खेली गई है। अब इन दोनों के बीच केवल आईसीसी और एसीसी टूर्नामेंट में ही आमना सामना होता है। हालत ये है कि दोनों टीमें एक दूसरे के घर भी क्रिकेट खेलने नहीं जाती हैं। भारत पर तो इसका कोई असर नहीं है, लेकिन पाकिस्तान परेशान है। पाकिस्तान भारत से सीरीज खेलने के लिए काफी व्याकुल नजर आ रहा है। हो सकता है कि उसकी मुराद पूरी हो जाए। इसी महीने आईसीसी का एक सेमिनार होने वाला है, इसमें इस पर चर्चा हो सकती है।

दुबई में 22 और 23 सितंबर को होगा आईसीसी का सेमिनार
आईसीसी का एक सेमिनार 22 और 23 सितंबर को दुबई में होना है। इससे पहले भारत और पाकिस्तान के बीच सीरीज को लेकर चर्चा फिर शुरू हो गई है। दरअसल पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी चाहता है कि तीन या फिर चार देशों का एक टूर्नामेंट आयोजित किया जाए, इसमें भारत और पाकिस्तान को शामिल किया जाए। इस सीरीज का वेन्यू भी न्यूट्रल रखने का प्रस्ताव है। इस सीरीज की संभावना तलाशी जा रही है। इस बात का खुलासा एआरवाई न्यूज की एक रिपोर्ट के जरिए हुआ है। अब जब आईसीसी का सेमिनार होगा, उसमें फ्यूचर टूर प्रोग्राम पर भी बात सकती है। पीसीबी की ओर से इसको लेकर बात करने की संभावना है। जाहिर है, इसमें आईसीसी, भारत और पाकिस्तान के अलावा बाकी देशों के भी प्रतिनिधि शामिल होंगे।
साल 2013 के बाद से अब तक नहीं हुई है भारत और पाकिस्तान के बीच आपसी सीरीज
खास बात ये है कि भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी आपसी सीरीज साल 2013 में खेली गई थी। तब से लेकर अब तक केवल आईसीसी और एसीसी के मैच में ही इनकी भिड़ंत होती है। हालांकि अभी तय नहीं है कि ये सीरीज टी20 पर होगी या फिर वनडे फॉर्मेट पर खेली जाएगी। भारत और पाकिस्तान के अलावा इस टूर्नामेंट में एक या दो टीमें और शामिल होंगी तो ये मल्टीनेशन टूर्नामेंट बन जाएगा। हालांकि केवल आईसीसी की रजामंदी से ही काम नहीं बनेगा। पाकिस्तान को खैर वैसे ही तैयार है, लेकिन बीसीसीआई को इस सीरीज के लिए भारत सरकार से अनुमति लेनी होगी।

यूएई, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया हो सकत हैं होस्ट
अब तक की जो जानकारी सामने आई है, उसमें पता चला है कि अगर ये कवायद आगे बढ़ती है तो होस्ट के लिए यूएई, इंग्लैंड या फिर ऑस्ट्रेलिया का चयन किया जा सकता है, जो कि दोनों टीमों के लिए न्यूट्रल वेन्यू होंगे। भारत और पाकिस्तान के बीच कोई भी मुकाबला हो, वो फायदे का ही सौदा होता है, ऐसे में कोई भी देश इस सीरीज को अपने यहां कराने का प्रस्ताव हाथ से जाने नहीं देगा। अब देखना है कि 22 और 23 सितंबर को होने वाली सेमिनार में क्या इस पर बात होगी। अगर होगी तो क्या कुछ निकलकर सामने आता है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *