तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ फेम दिशा वकानी के पिता का निधन, शो का हिस्सा थे एक्ट्रेस के पापा, शाहरुख-आमिर संग कर चुके काम
तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ फेम एक्ट्रेस दिशा वकानी के लिए काफी मुश्किल वक्त है। एक्ट्रेस के पिता भीम वकानी ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। बता दें, एक्ट्रेस के पिता भी आसित मोदी के शो का हिस्सा रहे थे।
टेलीविजन जगत के सबसे लोकप्रिय धारावाहिक ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ की प्रसिद्ध अभिनेत्री दिशा वकानी जिन्हें हम दया बेन के रोल के लिए जानते हैं, उनके परिवार से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। दिशा वकानी के पिता और अनुभवी अभिनेता भीम वकानी का निधन हो गया, उन्होंने अहमदाबाद में आखिरी सांस ली है। वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। भीम वकानी न केवल एक बेहतरीन अभिनेता थे, बल्कि उन्होंने अपनी बेटी दिशा और सुंदरलाल के रोल में नजर आने वाले बेटे मयूर वकानी के करियर को संवारने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
असित कुमार मोदी ने व्यक्त किया गहरा शोक
‘मनीकंट्रोल’से बातचीत के दौरान शो के निर्माता असित कुमार मोदी ने इस दुखद समाचार की पुष्टि की। असित मोदी वकानी परिवार के बेहद करीब माने जाते हैं, उन्होंने बताया कि उन्हें सुबह परिवार के जरिए इस अपूरणीय क्षति के बारे में पता चला। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, ‘भीम वकानी जी खुद एक मंझे हुए चित्रकार अभिनेता और निर्देशक थे। दिशा वकानी को जब दयाबेन के रूप में शोहरत मिली तो उसमें उनके पिता का बहुत बड़ा योगदान था। दिशा का करियर बनाने में उन्होंने अपनी पूरी जान लगा दी थी।’ असित मोदी ने आगे कहा कि भीम वकानी के साथ उनका रिश्ता पेशेवर से कहीं ज्यादा पारिवारिक था। जब भी वह मुंबई आते थे तो असित मोदी के घर रुकते थे और वे साथ में समय बिताते थे। उनके जाने से असित मोदी को ऐसा महसूस हो रहा है जैसे उनके अपने परिवार का कोई सदस्य बिछड़ गया हो।
‘लगान’ से लेकर शाहरुख-आमिर संग काम
भीम वकानी मनोरंजन जगत का एक सम्मानित चेहरा थे। उन्होंने आमिर खान की कल्ट क्लासिक फिल्म ‘लगान’ में काम किया था। इसके अलावा अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने शाहरुख खान और माधुरी दीक्षित जैसे दिग्गज सितारों के साथ भी स्क्रीन साझा की थी। वो शाहरुख के साथ स्वदेश में नजर आए थे। दिलचस्प बात यह है कि भीम वकानी ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के कुछ एपिसोड्स में भी नजर आ चुके थे। उन्होंने जेठा लाल के पिता के दोस्त का रोल प्ले किया था। उनके दोनों बच्चे दिशा वकानी और मयूर वकानी, आज जिस मुकाम पर हैं उसका श्रेय भीम वकानी की परवरिश और मार्गदर्शन को जाता है।
कब होगी अंतिम विदाई
भीम वकानी का अंतिम संस्कार उनके पैतृक शहर अहमदाबाद में किया जाएगा। उनके निधन की खबर मिलते ही टीवी जगत के कई सितारों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। दिशा वकानी लंबे समय से छोटे पर्दे से दूर हैं, उनके लिए यह एक बड़ा व्यक्तिगत आघात है। वकानी परिवार के लिए यह समय अत्यंत कठिन है, क्योंकि उन्होंने न केवल एक मार्गदर्शक खोया है, बल्कि कला के प्रति समर्पित एक सच्चे कलाकार को भी खो दिया है।
