12 August, 2026 (Wednesday)

‘खुद को किस तरह का मानते हैं हिंदू, भगवान राम के लिए क्या है आस्था’, राम मंदिर के CEO पद के लिए आज भी इंटरव्यू

अयोध्या राम मंदिर के सीईओ पद के लिए इंटरव्यू का आज दूसरा दिन है। पहले दिन हुए इंटरव्यू में पूर्व IAS और PCS अधिकारी पहुंचे। इनसे कई तरह के सवाल पूछे गए।
अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट के CEO पद के लिए चयन प्रक्रिया जारी है। इस पद के लिए इंटरव्यू का दूसरा चरण आज होगा। सुबह 10 बजे के बाद 8 पूर्व अधिकारियों के इंटरव्यू लिए जाएंगे। इससे पहले कल करीब 10 अधिकारियों का इंटरव्यू हो चुका है। बाकी का इंटरव्यू आज होना है।

पूर्व IAS और IPS अधिकारी भी इंटरव्यू में शामिल
राम मंदिर ट्रस्ट के CEO पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों में पूर्व IAS और IPS अधिकारी शामिल हैं। उम्मीदवारों के पास करीब 20 साल का प्रशासनिक अनुभव होना प्रमुख योग्यता बताई जा रही है। चयन प्रक्रिया के दौरान अधिकारियों से उनके प्रशासनिक अनुभव के साथ-साथ राम मंदिर और भगवान राम के प्रति उनकी आस्था से जुड़े सवाल भी पूछे जा रहे हैं।

उम्मीदवारों से पूछे गए ये सवाल
इंटरव्यू के लिए तैयार किए गए सवालों में उम्मीदवारों से यह भी पूछा जा रहा है कि वे स्वयं को किस तरह का हिंदू मानते हैं? भगवान राम के प्रति उनकी आस्था क्या है? इसके अलावा प्रशासनिक क्षमता, नेतृत्व और राम मंदिर से जुड़े दायित्वों को संभालने की उनकी क्षमता को भी परखा जा रहा है।

इंटरव्यू प्रक्रिया में 3 अधिकारियों का होगा चयन
बताया जा रहा है कि कुल 18 उम्मीदवारों में से इंटरव्यू और चयन प्रक्रिया के आधार पर 3 अधिकारियों का चयन किया जाएगा। इसके बाद राम मंदिर ट्रस्ट की चयन समिति इन तीन नामों में से एक अधिकारी को CEO के पद के लिए अंतिम रूप से चुनेगी।

आज के बाद अगले चरण में पहुंच जाएगी प्रक्रिया
इस पद पर नियुक्त होने वाले अधिकारी की जिम्मेदारी राम मंदिर ट्रस्ट के प्रशासनिक और प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को संभालने की होगी। आज होने वाले इंटरव्यू के बाद चयन प्रक्रिया अगले चरण में पहुंच जाएगी।

तीर्थयात्री सुविधा केंद्र के सम्मेलन कक्ष में हो रहे इंटरव्यू
बता दें कि राम मंदिर से चढ़ावा की चोरी के आरोप सामने आने के बाद ट्रस्ट ने एक पूर्णकालिक सीईओ नियुक्त करने का फैसला किया था। अधिकारी ने बताया कि सभी 18 उम्मीदवार सोमवार देर रात अयोध्या पहुंचे और ट्रस्ट द्वारा बताई गई जगहों पर ठहरे। उन्होंने बताया कि साक्षात्कार की यह प्रक्रिया अयोध्या में राम मंदिर के तीर्थयात्री सुविधा केंद्र के सम्मेलन कक्ष में हो रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *