07 March, 2026 (Saturday)

कानपुर लैंबॉर्गिनी केस : पुलिस का बड़ा एक्शन, आरोपी शिवम मिश्रा गिरफ्तार

: उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुए चर्चित लैंबॉर्गिनी हादसे से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. हाई-प्रोफाइल मामले में आरोपी शिवम मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. ग्वालटोली क्षेत्र की वीआईपी रोड पर हुई इस दुर्घटना के बाद से मामला लगातार चर्चा में रहा. करीब 12 करोड़ की कार से टक्कर लगने से कई लोग घायल हुए थे.
चालक को लेकर बचाव और पुलिस में मतभेद
यह मामला इसलिए भी सुर्खियों में आया, क्योंकि दुर्घटना में शामिल लग्जरी कार शहर के बड़े कारोबारी घर बंशीधर टोबैको ग्रुप से जुड़ी है. इसमें बिजनेस टायकून केके मिश्रा का बेटा शिवम मिश्रा सवार था. पुलिस का दावा रहा कि कार केके मिश्रा का बेटा और ग्रुप से संबद्ध कंपनी का डायरेक्टर शिवम मिश्रा चला रहा था. हालांकि घटना के बाद बचाव पक्ष की तरफ से अलग दावा किया गया कि कार ड्राइवर मोहन लाल चला रहा था.
बाउंसरों के वीडियो से विवाद बढ़ा
इस मामले में हादसे के बाद कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें कुछ बाउंसर दिखाई दे रहे हैं. एक वीडियो में बाउंसर कार के आसपास नंबर प्लेट हटाने या नोचने की कोशिश करते दिख रहे हैं. वीडियो में बाउंसरों के हाथ में वॉकी-टॉकी भी दिख रहा है और वे लोगों को दूर हटने के लिए कहते सुने जा रहे हैं. इस वीडियो के सामने आने के बाद पहचान छिपाने की कोशिश जैसे आरोप भी उठे.
चालक को लेकर विरोधाभासी दावे
इस पूरे मामले में ड्राइविंग सीट पर कौन था, इसको लेकर विरोधाभासी दावे सामने आए. पुलिस का कहना है कि कार शिवम मिश्रा चला रहा था, जबकि बचाव पक्ष और परिवार का कहना है कि कार मोहन लाल चला रहा था. मोहन लाल ने भी मीडिया से कहा कि वह ही चालक था और हादसे के समय शिवम मिश्रा की तबीयत बिगड़ गई थी, जिससे वह उसके ऊपर गिर पड़े और बैलेंस बिगड़ा. हालांकि वायरल वीडियो में ड्राइविंग सीट पर शिवम मिश्रा ही नजर आ रहे हैं.

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *