स्वतंत्रता दिवस 2026 समारोह में तृषा-विजय के सैल्यूट पर DMK ने उठाया सवाल, कहा- ‘मुख्यमंत्री की गरिमा तार-तार हो गई
DMK ने अपने मुखपत्र ‘मुरासोली’ में छपे एक संपादकीय में सीएम विजय की आलोचना की और स्वतंत्रता दिवस समारोह में एक एक्ट्रेस को पहली पंक्ति में बिठाने के लिए विजय की निंदा की।
DMK नेता उदयनिधि स्टालिन पिछले दिनों अपने एक बयान को लेकर मुश्किल में फंस गए। कावेरी विवाद प्रदर्शन के दौरान स्टॉलिन ने एक्ट्रेस तृषा कृष्णन को लेकर कुछ ऐसा कह दिया, जिसके बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया और कथित विवादित टिप्पणी के बाद स्टालिन को हिरासत में ले लिया गया। अब तृषा पर डबल मीनिंग कमेंट्स के बाद उदयनिधि स्टालिन की पार्टी के मुखपत्र ने स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान एक्ट्रेस तृषा कृष्णन की मौजूदगी और पहली पंक्ति में उनके बैठने की व्यवस्था को लेकर सीएम विजय पर निशाना साधा है। कार्यक्रम के दौरान तृषा, विजय के माता-पिता एसए चंद्रशेखर और शोभा चंद्रशेखर के साथ बैठी थीं।
डीएमके ने की सीएम विजय की आलोचना
डीएमके के आधिकारिक मुखपत्र ‘मुरासोली’ में छपे एक संपादकीय में DMK ने सीएम विजय को निशाने पर लिया। डीएमके ने फोर्ट सेंट जॉर्ज में हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान तृषा कृष्णन को पहली पंक्ति में बैठाने और उनके साथ एक-दूसरे का अभिवादन करने को लेकर विजय की कड़ी आलोचना की। पार्टी ने उनके इस व्यवहार को मर्यादा के खिलाफ और शर्मनाक बताया है।
डीएमके ने संपादकीय में क्या लिखा?
डीएमके ने अपने संपादकीय में लिखा है- ‘स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विजय की गरिमा पूरी तरह से तार-तार हो गई। बिना किसी शर्म या झिझक के, उन्होंने एक एक्ट्रेस के बैठने की व्यवस्था पहली पंक्ति में की और बार-बार एक-दूसरे को सलामी देते रहे। ये सीन ऐसा था, जो उन्हें वोट देने वाले लोग भी नहीं पचा पाए। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर ऐसा व्यक्ति सामने आया है, जो खुलेआम ऐसी अभद्रता और घिनौनी हरकत करता है और इसे सही ठहराने की सोचता है।’ अब तक विजय या उनकी पार्टी टीवीके ने इस आलोचना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
संगीता ने लिया यू-टर्न
बता दें, विजय लंबे समय से अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। विजय की पत्नी संगीता ने कुछ महीने पहले स्थानीय चेन्गलपट्टू फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दी थी। उन्होंने विजय पर एक अभिनेत्री के साथ एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के आरोप लगाए थे, जिसके बारे में उन्हें 2021 में पता चला था। हालांकि, अब संगीता ने विजय से तलाक की अर्जी वापस ले ली है। लंबे समय से मीडिया और राजनीतिक गलियारों में दोनों के रिश्ते को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे थे। लेकिन, अब जब संगीता ने तलाक की अर्जी वापस ले ली है तो विजय के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
