17 September, 2026 (Thursday)

संभावना सेठ ने पहली बार दिखाया जुड़वा बच्चों का चेहरा, बप्पा के आशीर्वाद के साथ रखे नाम, अनोखा है दोनों का मतलब

संभावना सेठ और अविनाश द्विवेदी ने सरोगेसी से जन्मे जुड़वा बच्चों ध्वजाह और युगार्थ का चेहरा पहली बार दिखाया। 10 साल बाद माता-पिता बने कपल ने गणपति बप्पा के मौके पर तस्वीरें साझा कीं।
टीवी एक्ट्रेस और सोशल मीडिया पर्सनैलिटी संभावना सेठ और उनके पति अविनाश द्विवेदी की जिंदगी में इस साल एक बेहद खास खुशी ने दस्तक दी। शादी के करीब 10 साल बाद कपल ने जुड़वा बच्चों का स्वागत किया। लंबे इंतजार और संघर्ष के बाद 4 जून 2026 को सरोगेसी के जरिए उनके घर दो नन्हे मेहमान आए। बच्चों के जन्म के बाद से ही फैंस उनकी एक झलक का इंतजार कर रहे थे। अब आखिरकार संभावना और अविनाश ने अपने दोनों बच्चों के चेहरे दुनिया के सामने दिखा दिए हैं।
मंगलवार को संभावना सेठ ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई तस्वीरें शेयर कीं। इन तस्वीरों में वह पति अविनाश द्विवेदी के साथ अपने दोनों बच्चों को गोद में लिए नजर आईं। एक तस्वीर में कपल बच्चों को प्यार से थामे हुए दिखाई दिया, जबकि दूसरी तस्वीरों में दोनों जुड़वा बच्चों के चेहरे की साफ झलक देखने को मिली। एक तस्वीर में बच्चे अपने दादा-दादी की गोद में भी नजर आए। इन तस्वीरों को शेयर करते हुए संभावना ने बेहद प्यारे अंदाज में लिखा, ‘गणपति बप्पा मोरया। मिलिए हमारे नन्हे फरिश्तों ध्वजाह और युगार्थ से।’ बच्चों के नाम सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्स की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई लोगों ने कपल को इस नई शुरुआत के लिए बधाई दी और बच्चों के लिए प्यार और आशीर्वाद भेजा। एक्ट्रेस की बेटी का नाम ध्वजाह रखा है, जिसका मतलब झंका होता है और बेटे का नाम युगार्थ रखा है, जिसका मतलब नए युग की शुरुआत होता है।
संभावना की पोस्ट पर उनके इंडस्ट्री फ्रेंड्स ने भी जमकर प्यार बरसाया। मोनालिसा ने कमेंट करते हुए बच्चों को बेहद प्यारा बताया। वहीं सपना चौधरी ने दोनों बच्चों को आशीर्वाद दिया। गौहर खान ने भी कमेंट कर बच्चों के लिए प्यार और आशीर्वाद भेजा। फैंस भी लंबे समय बाद जुड़वा बच्चों की पहली झलक देखकर काफी खुश नजर आए। एक यूजर ने लिखा कि दोनों बच्चे बेहद खूबसूरत हैं और वह कपल के लिए बहुत खुश हैं। वहीं एक अन्य फैन ने कहा कि उन्हें बच्चों का चेहरा देखने का काफी समय से इंतजार था। एक कमेंट में फैन ने यह भी लिखा कि ध्वजाह में संभावना की झलक दिखाई देती है।
संभावना और अविनाश ने अप्रैल 2026 में बताया था कि वे अपने पहले बच्चे का स्वागत करने वाले हैं। कपल ने यह भी साफ किया था कि वे सरोगेसी के जरिए माता-पिता बनने जा रहे हैं। इसके बाद 4 जून को दोनों ने सोशल मीडिया पर बच्चों के जन्म की खुशखबरी शेयर की थी। उस समय कपल ने एक तस्वीर पोस्ट की थी, जिसमें दोनों अपने जुड़वा बच्चों को हाथों में थामे हुए नजर आए थे। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा था, ‘महादीवाली इस साल जल्दी आ गई। लक्ष्मी और गणेश दोनों घर आ गए। हमारा दिल कृतज्ञता से भरा है।’ इस पोस्ट के जरिए उन्होंने अपनी खुशी और लंबे इंतजार के बाद मिले इस सुख के लिए आभार जताया था।
संभावना सेठ ने इससे पहले अपनी प्रेग्नेंसी और पैरेंटहुड जर्नी को लेकर खुलकर बात की थी। उन्होंने बताया था कि मां बनने का उनका सफर काफी मुश्किलों से भरा रहा। इस दौरान उन्हें कई बार गर्भपात का सामना करना पड़ा और उन्होंने आईवीएफ के भी कई प्रयास किए। एक इंटरव्यू में संभावना ने बताया था कि उन्होंने इन वर्षों में कुल सात बार आईवीएफ की कोशिश की। उन्होंने यह भी साझा किया था कि शादी से पहले ही उन्होंने अपने अंडाणु फ्रीज करा लिए थे। इसके लिए उन्हें करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च करने पड़े थे। उनका कहना था कि उन्होंने भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया था, लेकिन आखिरकार जिंदगी में वही होता है जो भगवान की इच्छा होती है।
संभावना और अविनाश की शादी को करीब एक दशक हो चुका है। इतने लंबे समय तक पैरेंटहुड का इंतजार करने के बाद अब दोनों अपनी जिंदगी के इस नए पड़ाव को खुलकर सेलिब्रेट कर रहे हैं। जुड़वा बच्चों के जन्म के बाद से ही कपल ने उनकी प्राइवेसी का ध्यान रखा और अब गणपति उत्सव के खास मौके पर पहली बार उनके चेहरे फैंस के सामने लाए हैं। ध्वजाह और युगार्थ की पहली तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर उन्हें खूब प्यार मिल रहा है। संभावना और अविनाश के लिए यह पल सिर्फ बच्चों को दुनिया से मिलवाने का नहीं, बल्कि सालों के इंतजार, संघर्ष और उम्मीद के बाद मिले परिवार की खुशी को साझा करने का भी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed