10 September, 2026 (Thursday)

लखीमपुर खीरी में 4 साल की मासूम से दरिंदगी के आरोपी का घर बुलडोजर से जमींदोज, सरकारी जमीन पर था अवैध कब्जा

लखीमपुर खीरी के एक गांव में 4 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी करने के आरोपी 65 साल के खलील का मकान बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया है। खलील का घर ग्राम पंचायत की सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बना पाया गया था।
यूपी के लखीमपुर खीरी जिले के सिंगाही क्षेत्र के एक गांव में प्रशासन ने 4 साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी 65 साल के खलील के घर को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपी का घर सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बना था, इसलिए सार्वजनिक सम्पत्ति पर किए गए इस अतिक्रमण को हटा दिया गया है।

DM बोले- सरकारी जमीन पर कब्जा हटाने का पुराना आदेश
DM अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि सिंगाही क्षेत्र में चार साल की एक बच्ची से रेप के आरोपी खलील को रविवार की रात को गिरफ्तार किया गया था। मेडिकल जांच के बाद आरोपी को अदालत के सामने पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि खलील ने सार्वजनिक सम्पत्ति पर घर बनाया था जिसे कड़ी सुरक्षा के बीच आज हटा दिया गया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई खलील के खिलाफ जारी कब्ज़ा हटाने के आदेश का हिस्सा थी और इसका रेप के मामले से कोई लेना-देना नहीं है
18 अगस्त को भेजा गया था आखिरी नोटिस
उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता- 2006 की धारा 67 के तहत खलील को कब्जा हटाने और बेदखली का आदेश 15 जुलाई 2024 को जारी किया गया था। खलील ने इस आदेश के खिलाफ कोई अपील नहीं की थी। आदेश का पालन करने के लिए उसे कई नोटिस भी भेजे गए थे लेकिन उसने कब्जा नहीं हटाया था। इसके बाद खलील को आखिरी नोटिस 18 अगस्त को भेजा गया था। डीएम ने कहा, ”जब खलील ने कोई कार्रवाई नहीं की तो आज सार्वजनिक सड़क पर बने ढांचे को हटा दिया गया।”

घर के बाहर खेल रही बच्ची को बहलाकर ले गया था खलील
बता दें कि 65 साल का खलील रविवार की सुबह घर के बाहर खेल रही चार साल की बच्ची को बहलाकर ले गया था और फिर उसने उसका रेप किया था। इस वारदात के बाद लोगों में भारी नाराजगी थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था।

पंचायत की सरकारी जमीन पर बना था मकान
बुधवार सुबह राजस्व और प्रशासनिक टीम भारी पुलिस बल के साथ खलील के घर पहुंची। जहां खलील का घर ग्राम पंचायत की सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बना पाया गया। इसकी पुष्टि होते ही बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।

वहीं, गंभीर हालत में लखनऊ रेफर की गई पीड़ित बच्ची के स्वास्थ्य में अब सुधार हो रहा है और उसकी स्थिति पूरी तरह से ठीक बताई जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed